बम हमले की धमकी के बाद Amitabh Bachchan ने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से फैंस का किया अभिवादन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुंबई में जुहू स्थित आवास पर बम हमले की धमकी मिलने के बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन ने रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशंसकों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे। महापौर कार्यालय और गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी ईमेल के जरिए निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

नयी दिल्ली, दो नवंबर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हाल में मिली बम से उड़ाने की धमकी के बाद रविवार को अपने आवास ‘जलसा’ से बाहर आए और वहां बड़ी संख्या में एकत्र प्रशंसकों का बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से अभिवादन किया। हाल ही में मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें बच्चन के आवास और गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के आयोजन स्थल पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। ईमेल में दावा किया गया था कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित महापौर के कार्यालय में दोपहर तीन बजकर 11 मिनट पर विस्फोट होगा।

इसके बाद परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अमिताभ बच्चन ने हर रविवार को प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा जारी रखी। इस बार उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी।

उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, उप महापौर संजय घाड़ी को भी भेजे गए इस ईमेल में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई थी। इसमें 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच बच्चन के जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई थी।

ईमेल में ‘खालिस्तान’ का भी जिक्र किया गया था। इसमें दावा किया गया था कि 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स इलाके में गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के दौरान भी हमला किया जाएगा। एहतियात के तौर पर महापौर कार्यालय, महालक्ष्मी रेसकोर्स, शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों और ईमेल में उल्लेख किए गए सभी स्थानों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़