यूपी चुनाव: Akhilesh Yadav ने Congress से सीट की जगह जीत के समीकरण पर विचार करने को कहा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दूसरे दौर की बैठक में सीटों पर सहमति नहीं बन सकी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस से प्रस्तावित 26 सीटों के अलावा अन्य संभावित सीटों की सूची मांगी है ताकि जीतने योग्य उम्मीदवार तय किए जा सकें। दोनों दलों के नेताओं ने उम्मीद जताई कि अगली दो बैठकों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर जारी बातचीत के बीच मंगलवार को कहा कि कांग्रेस को ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करना चाहिए, ताकि राज्य में गठबंधन की सरकार बनाई जा सके और फिर केंद्र में भी सत्ता परिवर्तन का रास्ता तैयार हो। इस बीच, दोनों दलों के बीच लगातार दूसरे दिन हुई बातचीत भी बेनतीजा रही, हालांकि नेताओं ने इसे सकारात्मक बताते हुए अगली दो बैठकों में गठबंधन को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद जताई। अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सपा की ओर से उसके लिए प्रस्तावित 26 सीटों के अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों की सूची भी भेजने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों दल बैठकर तय कर सकते हैं कि किस सीट पर किस दल का कौन सा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है। यादव ने कांग्रेस को संबोधित करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे। इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी ऐसा हो।
देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।’’ इस बीच, बैठक में शामिल कांग्रेस के एक नेता ने पीटीआई-भाषा से कहा कि पार्टी सम्मानजनक संख्या में सीटें और उन पर जीत की बेहतर संभावनाएं चाहती है तथा अपने इस रुख से पीछे नहीं हटेगी। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई और बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से अभी सभी पर चर्चा पूरी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सीट दर सीट चर्चा की। बहुत सकारात्मक तरीके से बातचीत हुई। 403 सीटें बहुत होती हैं, अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाई है।
अगली दो बैठकें होंगी तो गठबंधन को पूरा कर लिया जाएगा।’’ सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर नए सिरे से बातचीत होगी और फैसला होने तक चर्चा जारी रहेगी। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों दल सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अगली दो बैठकों में सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। गौतम के मुताबिक, राज्य की 403 सीटों में से ज्यादातर पर चर्चा हो चुकी है।
दोनों पक्षों ने चुनावी आंकड़ों के आधार पर एक-एक सीट पर विचार किया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की औपचारिक घोषणा भी जल्द की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बातचीत के दौरान दोनों दलों ने पिछले चुनावों के आंकड़ों और राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर अपना-अपना पक्ष रखा।
कांग्रेस ने जिन सीटों पर अपना दावा मजबूत माना है, उन्हें ए और बी श्रेणियों में बांटा है। इससे पहले, मंगलवार को बैठक से पूर्व रामगोपाल यादव ने कहा था कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इनमें दो सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी।
इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि 20 अन्य सीटों पर सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे और कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे। हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने 26 सीटों की पेशकश की जानकारी होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि दोनों दल हर सीट पर चर्चा करने के लिए सहमत हैं।
सोमवार को पहले दौर की बातचीत में कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की सूची सौंपी थी, जिन पर वह अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। कांग्रेस ने इन सीटों को अपनी प्राथमिकता बताया था। मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए।
सपा की ओर से रामगोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय, अवधेश प्रसाद और इकरा हसन ने हिस्सा लिया। इस बीच, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये दोनों दल कितनी भी खिचड़ी पका लें, कुछ नहीं होने वाला, क्योंकि न ये सत्ता में आएंगे और न ही भाजपा सत्ता से जाएगी।
अन्य न्यूज़














