Agra के खंदौली में दहेज विवाद के बाद पति ने की पत्नी की हत्या, दो बच्चों संग फरार

आगरा के पीलीपोखर गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर लोहे की छड़ और चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार रुपयों की मांग कर रहे थे। घटना के बाद आरोपी पति अपने दोनों बच्चों और परिजनों के साथ मौके से फरार हो गया, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
आगरा (उप्र), नौ सितंबर आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के पीलीपोखर गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी 30 वर्षीय पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को हुई इस घटना के बाद आरोपी पति और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है। मृतका किरण के भाई ललित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी 2018 में विवेक के साथ हुई थी।
शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च हुए थे। आरोप है कि शादी के बाद भी विवेक और उसके परिजन लगातार रुपयों की मांग करते थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद था। दंपति के दो बेटे हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को विवेक और उसके परिजनों ने कथित तौर पर किरण पर पहले लोहे की छड़ से हमला किया और बाद में चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद विवेक और उसके परिवार के लोग किरण के दोनों बेटों को लेकर फरार हो गए। सहायक पुलिस आयुक्त देवेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो किरण का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी के दोस्तों और रिश्तेदारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
मृतका के भाई ललित ने खंदौली थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़














