Agra के तीन मतदेय स्थलों पर 26 अक्टूबर को दोबारा होगा MLC Election का मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर को पड़े वोट शून्य घोषित कर दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार इन केंद्रों पर अब 26 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक पुनर्मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित समय पर कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदेय स्थलों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन अधिकारी ने इन मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान की मंजूरी दी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने 23 अक्टूबर को हुए मतदान को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58ए(2)(ए) के तहत शून्य घोषित करते हुए तीनों मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। बयान के मुताबिक, पुनर्मतदान मतदेय स्थल संख्या 20, तहसील परिसर, खैरागढ़ के कक्ष संख्या एक, मतदेय स्थल संख्या 21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैयां के कक्ष संख्या एक, और मतदेय स्थल संख्या 26, क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद के कक्ष संख्या एक में कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीनों मतदेय स्थलों पर 26 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार और शनिवार को आगरा समेत कई जिलों में विधान परिषद चुनाव के दौरान अनियमितताओं और बूथ पर कब्जा किए जाने के आरोप लगाए थे। सपा ने शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विधान परिषद चुनाव में कथित बूथ कब्जाने की शिकायत की थी। पार्टी ने दोबारा मतदान कराने, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों को जेल भेजने की मांग की थी।
सपा ने ज्ञापन में अमरोहा जिले के सात, आगरा के पांच तथा फतेहपुर और प्रतापगढ़ के एक-एक मतदान केंद्र समेत उन सभी केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की मांग की थी, जहां बूथ कब्जाने की शिकायतें मिली हैं। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को बताया था कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिन 11 सीट पर मतदान हुआ उनमें स्नातक की पांच और शिक्षक की छह सीट शामिल हैं।
आयोग के अनुसार, मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
अन्य न्यूज़













