White House ने Green Card से जुड़ी PERM प्रक्रिया में सुधार के प्रस्ताव की समीक्षा पूरी की

White House ने Green Card से जुड़ी PERM प्रक्रिया में सुधार के प्रस्ताव की समीक्षा पूरी की
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी प्रशासन ने विदेशी श्रमिकों को ग्रीन कार्ड दिलाने वाली स्थायी श्रमिक प्रमाणन प्रक्रिया के आधुनिकीकरण के प्रस्ताव का मूल्यांकन पूरा कर लिया है। श्रम विभाग द्वारा तैयार इस मसौदे में 2004 के बाद पहली बार भर्ती मानकों और नियमों में बदलाव की तैयारी है। फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित होने के बाद इस मसौदे पर 30 से 60 दिनों के भीतर जनता से राय मांगी जाएगी।

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 27 अक्टूबर अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने स्थायी श्रमिक प्रमाणन प्रक्रिया (पर्म) को आधुनिक बनाने के प्रस्ताव की समीक्षा पूरी कर ली है। ‘पर्म’ को विदेशी कर्मचारियों को अमेरिकी कंपनियों में स्थायी रूप से नौकरी देकर उनके लिए ‘ग्रीन कार्ड’ का आवेदन करने की दिशा में पहला कदम माना जाता है। श्रम विभाग के इस प्रस्ताव में श्रम बाजार परीक्षण और पर्म कार्यक्रम के अन्य पहलुओं को संशोधित करने का प्रस्ताव किया गया है, जिनमें आखिरी बार 2004 में बदलाव किए गए थे।

विभाग ने जुलाई में समीक्षा के लिए यह प्रस्ताव ‘व्हाइट हाउस’ के प्रबंधन और बजट कार्यालय को सौंपा था। यह एजेंसी इस प्रस्ताव को ऐसे समय में आगे बढ़ा रही है, जब अमेरिकी प्रशासन उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस के नेतृत्व वाले धोखाधड़ी-विरोधी कार्यबल की कार्रवाइयों के तहत पर्म कार्यक्रम को निशाना बनाकर व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। इस महीने की शुरुआत में, अमेरिका ने माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी और इन्फोसिस टेक्नोलॉजीज व टाटा ग्रुप जैसी छह अन्य प्रौद्योगिकी कंपनियों के पर्म कार्यक्रमों को निलंबित कर दिया था।

प्रस्ताव की विशिष्ट सामग्री प्रकाशन तक ज्ञात नहीं होगी, लेकिन प्रस्तावित नियम के विवरण के अनुसार, यह पर्म भर्ती के लिए न्यूनतम मानकों में संशोधन करेगा, अमेरिकी कर्मचारियों की छंटनी से जुड़े नियमों को कड़ा करेगा और नियोक्ता के गैर-भेदभाव वाले नियमों को बेहतर बनाएगा। एक बार जब यह प्रस्ताव संघीय सूची (फेडरल रजिस्टर) में प्रकाशित हो जाएगा, तो उम्मीद है कि श्रम विभाग जनता की टिप्पणियों के लिए 30 या 60 दिन का समय देगा। यह नियम तब तक लागू नहीं होगा जब तक कि सार्वजनिक टिप्पणियों पर विचार नहीं कर लिया जाता और नियम को अंतिम रूप नहीं दे दिया जाता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़