अमेरिकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों पर किया हमला, ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में दागे गए मिसाइल और ड्रोन

Prabhasakshi Image
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी सेना द्वारा मंगलवार को ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर ईरानी हमले के प्रयास के बाद की गई।

अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान में कई ठिकानों पर हमला किया जिसके बाद एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। ईरान की अर्ध-सरकारी मीडिया ने बताया कि ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइलें और ड्रोन दागे। ईरान की सुरक्षा एजेंसियों की करीबी मानी जाने वाली समाचार एजेंसियों ‘फार्स’ और ‘तस्नीम’ ने मंगलवार देर रात बताया कि ईरान ने भी इस तरह के अभियान शुरू किए हैं।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका के एक हमले में एक ऐसे घर को निशाना बनाया गया, जहां शादी समारोह था। हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि मंगलवार को हमले उस समय किए गए, जब तेहरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैन्यकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की।

इसे भी पढ़ें: नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद टेक्सास के चार भारतीय लापता, सेवा इंटरनेशनल ने शुरू किया राहत अभियान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी कि अगर ईरान ने जवाबी कार्रवाई की तो ‘‘उसे फिर से कहीं अधिक कड़े और बड़े स्तर पर निशाना बनाया जाएगा, लेकिन यह सबसे बड़ा हमला नहीं होगा। वह हमला अभी रोका हुआ है।’’ अमेरिकी सेना ने रविवार को कहा था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में लारक द्वीप पर रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं, जिन्हें रास्ते में ही रोक लिया गया।

वहीं, संयुक्त अरब अमीरात ने कहा कि उसने अपने जलक्षेत्र के ऊपर एक ईरानी ड्रोन को रोका। इस बीच, अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका-ईरान के बीच फिर से शुरू हुई सैन्य कार्रवाई के बीच पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए यात्रा अलर्ट जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र के सभी देशों को लेकर जारी एक व्यापक परामर्श में कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में तनाव के कारण सुरक्षा स्थिति जटिल बनी हुई है और अप्रत्याशित रूप से तनाव बढ़ने की आशंका है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़