ठीक हो जाओ, फिर लड़ना सिखाऊंगा...Captain Smit Machhar के घाव देखने के बाद बोले UAE के राष्ट्रपति

यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने फ्लाईदुबई उड़ान में आतंकी घटना टालने वाले घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर और क्रू को फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II से सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने आत्मीयता से पायलट का हालचाल जाना और मजाक में ठीक होने पर उन्हें फाइटिंग सिखाने की बात भी कही।
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) द्वारा आयोजित एक समारोह में पहुंचे। उनके सिर पर टांके लगे थे और उनका बायां हाथ एक स्लिंग (पट्टी) में था। वे वहां तेल अवीव जा रही एक 'फ्लाईदुबई' उड़ान में एक आतंकी घटना को टालने में मदद करने के लिए सम्मान लेने पहुंचे थे। लेकिन, UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ उनकी आत्मीय बातचीत ने इंटरनेट पर सबका ध्यान खींच लिया। यूएई के राष्ट्रपति ने मच्छर और उनके साथ मौजूद 'फ्लाईदुबई' के क्रू सदस्यों को उनकी बहादुरी, पेशेवर रवैये और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से सम्मानित किया। समारोह के दौरान, राष्ट्रपति ने घायल पायलट का हाल-चाल पूछा, उनके ठीक होने के बारे में जाना और यहां तक कि मजाक में यह भी कहा कि ठीक होने के बाद वे उन्हें लड़ने (फाइटिंग) के गुर सिखाएंगे।
UAE के राष्ट्रपति ने घायल भारतीय पायलट का हाल जाना
जब दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया, तो मच्छर ने UAE के राष्ट्रपति को गले लगाया और कहा कि यह मेरे लिए सम्मान की बात है, महामहिम। इसके बाद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनके सिर पर लगी चोटों को ध्यान से देखा, जहां खोपड़ी पर टांके साफ नजर आ रहे थे। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत जारी रही। जल्द ही उनकी बातचीत हंसी-मजाक में बदल गई। मच्छर के हाथ को स्लिंग में देखकर, राष्ट्रपति ने पूछा कि आप कब तक ठीक हो जाएंगे? शायद दो महीने, पायलट ने जवाब दिया। तो मेरे पास एक विचार है। जब आप ठीक हो जाएं, तो मैं आपके साथ एक सेशन करना चाहता हूं, जिसमें मैं आपको सिखाऊंगा कि लड़ते कैसे हैं," शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कहा। इसके बाद दोनों खुलकर हंस पड़े।
मच्छर ने अपने दिल पर हाथ रखते हुए जवाब दिया यह मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। राष्ट्रपति ने फ्लाईदुबई के क्रू और यात्रियों को "परिवार" कहकर संबोधित किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि यूएई उनके साथ है। उन्होंने कहा, "आपके जीवन में जो कुछ भी हुआ हो, यूएई आपका अपना देश है। यहां आपके लिए एक घर है और आपका एक परिवार भी है।
अन्य न्यूज़













