Donald Trump ने Iran तनाव को बताया मामूली सैन्य टकराव

Donald Trump ने Iran तनाव को बताया मामूली सैन्य टकराव
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन में ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ईरान के साथ जारी गतिरोध को सामान्य सैन्य संघर्ष बताया। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें अमेरिकी नुकसान पिछले युद्धों की तुलना में काफी कम रहा है। ट्रंप के अनुसार इस सैन्य कार्रवाई के चलते ईरान का परमाणु हथियार कार्यक्रम निष्प्रभावी हो चुका है।

वाशिंगटन, पांच सितंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष को ‘‘मामूली बात’’ करार दिया और देश के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के इस बयान से सहमति जताई कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को ‘‘युद्ध’’ नहीं कहा जा सकता। ट्रंप ने ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय) में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान वेंस की एक दिन पहले की टिप्पणियों के बारे में सवाल किए जाने पर कहा कि ईरान पर अमेरिकी हमले अब ‘‘रुक-रुककर’’ हो रहे हैं। उन्होंने इस संघर्ष की गंभीरता को कम दिखाने की कोशिश की जबकि इस युद्ध पर अमेरिकी करदाताओं के 37.5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक खर्च हो चुके हैं और अमेरिका के 18 सैन्यकर्मियों की मौत हुई है।

ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं समझ सकता हूं कि वह क्या कह रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे सैन्य संघर्ष कहता हूं क्योंकि हमारे लिए यह मामूली बात है। यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है।’’ वेंस ने बृहस्पतिवार को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास जिसमें ‘ओवल ऑफिस’ भी स्थित है) में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान ईरान के साथ जारी अमेरिकी संघर्ष को ‘‘युद्ध’’ करार देने से इनकार किया था। वेंस यह अनुमान लगाने से बचते प्रतीत हुए कि छह महीने से जारी यह संघर्ष नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले समाप्त हो जाएगा या नहीं।

इन चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी संसद के दोनों सदनों में अपना मामूली बहुमत बरकरार रखने की कोशिश कर रही है। वेंस से पूछा गया था कि क्या तीन नवंबर को होने वाले संसदीय चुनाव से पहले युद्ध समाप्त हो सकता है जिसके जवाब में उन्होंने कहा था, ‘‘मैं इसे युद्ध नहीं कहूंगा। फिलहाल ज्यादा गोलीबारी नहीं हो रही है।’’ वेंस ने यह बात ऐसे समय कही जब ईरान ने इस सप्ताह की शुरुआत में उसके खिलाफ हुए कई अमेरिकी हमलों के जवाब में बृहस्पतिवार को खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी कुवैत को निशाना बनाया।

ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि ईरान संघर्ष के दौरान अमेरिका में हुई मौतों की संख्या हाल में हुए कुछ अन्य अमेरिकी युद्धों की तुलना में कम है। उन्होंने जनवरी में वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने और संघीय मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए उन्हें न्यूयॉर्क ले जाने के अमेरिकी सैन्य अभियान का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हमने वेनेजुएला में कार्रवाई की और हमने यह भी किया। वेनेजुएला में हमारा कोई व्यक्ति नहीं मारा गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और इसमें हमने 18 लोगों को खोया।

वियतनाम में हमने एक लाख लोगों को खोया था और अन्य संघर्षों में हमने हजारों लोगों को खोया।’’ अमेरिका के राष्ट्रीय अभिलेखागार के रिकॉर्ड के अनुसार, वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सशस्त्र बलों के कुल 58,220 सदस्यों की मौत हुई थी। ट्रंप से एक पत्रकार ने पूछा कि जब अमेरिका के 18 सैन्यकर्मी मारे गए हैं तो वह इस संघर्ष को ‘‘मामूली बात’’ कैसे कह सकते हैं। इस पर ट्रंप ने अपना यह तर्क दोहराया कि इस संघर्ष के कारण ईरान का परमाणु कार्यक्रम निष्प्रभावी हो गया है।

ट्रंप ने युद्ध की शुरुआत में कहा था कि यह कुछ सप्ताह में समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा क्योंकि अगर उसके पास परमाणु हथियार होता तो शायद आप यहां खड़े नहीं होते।

All the updates here:

अन्य न्यूज़