Pope Leo 14th का Argentina दौरा: Javier Milei की नीतियों पर उठाए सवाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रविवार को ब्यूनस आयर्स पहुंचे पोप लियो 14वें ने अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की खर्च कटौती की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने नेताओं को याद दिलाया कि अर्थव्यवस्था से ऊपर आम लोगों के हितों को रखा जाना चाहिए।

ब्यूनस आयर्स, नौ नवंबर (एपी) पोप लियो 14वें ने रविवार को अर्जेंटीना पहुंचने के बाद देश के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की सरकारी खर्च में कटौती की नीतियों और मुक्त बाजार की विचारधारा की परोक्ष आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक नेताओं को अर्थव्यवस्था के बजाय लोगों को प्राथमिकता देनी चाहिए। पोप लियो ने अर्जेंटीना में अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में शासन, लोकतंत्र और समाज को लेकर अपना दृष्टिकोण सामने रखा, जो राष्ट्रपति मिलेई की विचारधारा से बिल्कुल अलग था। उनके संबोधन से सरकारी खर्च में कटौती, सामाजिक न्याय और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे मुद्दों पर दोनों के बीच मतभेद उजागर हुए, जिन्हें पोप की यात्रा से पहले सरकार कम करके दिखाने की कोशिश कर रही थी।

उन्होंने उरुग्वे से ब्यूनस आयर्स पहुंचने के बाद अधिकारियों, राजनयिकों और सामाजिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अर्थव्यवस्था को व्यक्ति की सेवा करनी चाहिए, न कि व्यक्ति को अर्थव्यवस्था की।’’ पोप लियो की तीन देशों की दक्षिण अमेरिकी यात्रा में अर्जेंटीना का दौरा राजनीतिक दृष्टि से सबसे संवेदनशील है। यहां उन्हें अर्जेंटीना में जन्मे पोप फ्रांसिस की जटिल विरासत का भी सामना करना होगा, जो 12 साल के पोप के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कभी स्वदेश नहीं लौटे। पोप ने कहा कि लोकतंत्र के लिए संयमित भाषा और अलग विचार रखने वालों को समान नागरिक के रूप में देखने की भावना जरूरी है।

उन्होंने बेरोजगारों, सेवानिवृत्त लोगों और उन परिवारों का भी उल्लेख किया, जिन्हें कड़ी मेहनत के बावजूद अपनी जरूरतें पूरी करने में मुश्किल होती है। मिलेई ने महंगाई पर काबू पाने के लिए सरकारी खर्च में भारी कटौती की है। उनकी नीतियों से महंगाई दर में कमी आई है और बजट अधिशेष हासिल हुआ है, लेकिन वास्तविक वेतन में गिरावट और रोजगार के अवसर घटने को लेकर उनकी आलोचना हो रही है।

पोप ने सरकारी विश्वविद्यालयों के वित्त पोषण में कटौती पर चिंता जताते हुए शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और शोध में निवेश की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपने पूरे करने के लिए देश छोड़ने को मजबूर होना पड़े, तो यह गंभीर आत्ममंथन का विषय है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल समुदायों के कल्याण के लिए करने और एआई के बढ़ते उपयोग के परिणामों पर सावधानीपूर्वक विचार करने की भी अपील की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़