Nepal में बाढ़ पीड़ितों के लिए Pakistan ने भेजी 100 टन राहत सामग्री

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इस्लामाबाद से काठमांडू के लिए एक निजी विमान के जरिए तंबू, दवाइयां, कंबल और स्वच्छता किट जैसी जरूरी मानवीय सहायता भेजी गई है। विदेश कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर एनडीएमए के समन्वय से यह खेप रवाना की गई। नेपाल में हालिया बाढ़ और भूस्खलन के कारण 1,300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

इस्लामाबाद, छह सितंबर पाकिस्तान ने भीषण बाढ़ से प्रभावित नेपाल के लोगों के लिए रविवार को 100 टन मानवीय सहायता भेजी। इस बाढ़ में 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता हैं। विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह सहायता प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर भेजी गई है।

विदेश कार्यालय ने कहा कि हाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत प्रयासों में मदद के लिए पाकिस्तान सरकार ने छह सितंबर को नेपाल के लिए 100 टन मानवीय सहायता भेजी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के समन्वय से भेजी गई यह मानवीय सहायता इस्लामाबाद से काठमांडू के लिए एक निजी विमान से भेजी गई। राहत सामग्री में प्रभावित समुदायों के लिए तंबू, कंबल, चटाइयां, स्वच्छता किट और दवाइयां शामिल थीं।

इस राहत सामग्री को भेजने के लिए इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आपदा 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास चट्टानों के खिसकने, हिमस्खलन से शुरू हुई। इसके कारण भोटेकोशी नदी में पानी और मलबे का भारी बहाव आया, जिसने उत्तर और मध्य नेपाल के कई इलाकों में बस्तियों को तबाह कर दिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़