María Corina Machado की Venezuela वापसी, 10 महीने के निर्वासन के बाद पहुंचीं स्वदेश

María Corina Machado की Venezuela वापसी, 10 महीने के निर्वासन के बाद पहुंचीं स्वदेश
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नोबेल पुरस्कार विजेता और विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने सोशल मीडिया पर अपने देश लौटने का ऐलान किया। पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना द्वारा हटाए जाने के बाद वेनेजुएला में यह राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। विपक्षी नेता एडमंडो गोंजालेज ने भी जल्द ही उनके साथ जुड़ने की बात कही है।

वेनेजुएला की विपक्षी नेता एवं नोबेल पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो दिसंबर, 2025 के बाद रविवार को पहली बार देश में लौटीं। अमेरिकी सेना द्वारा देश के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया गया था। मचाडो ने सोशल मीडिया पर अपने लौटने की घोषणा करते हुए लिखा, “मैं यहां हूं।

आपके साथ।” इस बीच, वेनेजुएला के विपक्षी नेता एडमंडो गोंजालेज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मचाडो के देश लौटने की पुष्टि की और कहा कि वह भी “बहुत जल्द” उनके साथ होंगे। उन्होंने कहा, “आज वेनेजुएला के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। हमारी संप्रभु आवाज इस प्रक्रिया का नेतृत्व करने और मार्गदर्शन करने के लिए उनके साथ लौट आई है!

आप जानते हैं, यह लड़ाई अंत तक जारी रहेगी।” दस महीने से अधिक समय तक निर्वासन में रहने के बाद मचाडो की स्वदेश वापसी ऐसे समय हुई है, जब वेनेजुएला के लोकतांत्रिक भविष्य और उसमें अमेरिका की भूमिका को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है। मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद से वेनेजुएला का शासन कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज चला रही हैं। वह लंबे समय से मादुरो की सहयोगी रही हैं और उन्हें मादुरो का उत्तराधिकारी बनने के लिए ट्रंप प्रशासन का समर्थन मिला था।

रोड्रिगेज को मादुरो की गिरफ्तारी के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में काम करने के लिए जितनी अवधि की अनुमति दी गई थी, वह उससे अधिक समय तक इस पद पर बनी हुई हैं। देश में अभी तक चुनाव की कोई तारीख घोषित नहीं की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़