मध्यावधि चुनाव के बाद Donald Trump और Justice Department का रुख डेमोक्रेट्स पर कड़ा

मध्यावधि चुनाव के बाद Donald Trump और Justice Department का रुख डेमोक्रेट्स पर कड़ा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में जीत दर्ज करने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद ट्रंप प्रशासन के कामकाज की जांच की तैयारी कर रहे हैं। वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने डेमोक्रेट्स के रुख को जबरन वसूली बताते हुए आपराधिक जांच की चेतावनी दी है। डेमोक्रेट खेमे में भी जांच की प्राथमिकताओं और नेतृत्व को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही है।

वाशिंगटन, नौ नवंबर (एपी) अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनका न्याय मंत्रालय उसके खिलाफ आक्रामक रुख अपना रहे हैं, जिससे आने वाले समय में दोनों पक्षों के बीच तीखा टकराव होने के संकेत मिल रहे हैं। इस बीच, डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद अगले साल सरकार के कार्यकारी अंग के कामकाज की व्यापक जांच करने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि डेमोक्रेट पहले ही जांच संबंधी जो मांगें उठा चुके हैं, वे ‘‘उच्चतम स्तर की जबरन वसूली’’ हैं और इसके लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांच ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि डेमोक्रेट नेताओं के खिलाफ आपराधिक जांच संभव है। ब्लांच ने कहा, ‘‘उन्हें प्रशासन के मौजूदा सदस्यों को खुलेआम धमकाने और कंपनियों को धमकाने की छूट नहीं दी जा सकती। राष्ट्रपति ट्रंप इस बात को लेकर बेहद चिंतित हैं और उन्हें होना भी चाहिए।’’ ब्लांच और कांग्रेस के डेमोक्रेटिक सदस्य पिछले सप्ताह हुए चुनावों के नतीजों के असर पर चर्चा करने के लिए रविवार को समाचार कार्यक्रमों में शामिल हुए थे।

अगले कार्यकाल में प्रतिनिधि सभा की शक्तिशाली निगरानी समिति के अध्यक्ष बनने वाले डेमोक्रेट सांसद रॉबर्ट गार्सिया, ट्रंप एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ जांच की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट अब दबाव में नहीं आएंगे। हालांकि, पार्टी के कुछ नेताओं ने आगाह किया है कि जांच के बजाय महंगाई और आम लोगों की जीवनयापन लागत कम करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने कहा कि ट्रंप की जवाबदेही तय करना जरूरी है, लेकिन पूरा समय उनकी जांच में नहीं लगाया जा सकता। डेमोक्रेट नेता हकीम जेफ्रीज ने ट्रंप के सलाहकार स्टीफन मिलर को नया ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ नियुक्त किए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मिलर की विचारधारा के साथ काम करना संभव नहीं है।

जेफ्रीज ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग चलाने के प्रस्ताव का भी समर्थन किया और कहा कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। इस बीच, नवनिर्वाचित डेमोक्रेट सीनेटर एडम हैमिल्टन और अब्दुल अल-सईद ने पार्टी नेता चक शूमर के नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो रिपब्लिकन और डेमोक्रेट के बीच सहयोग बढ़ा सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़