Chinnaswamy Stampede Tragedy: IPL से पहले RCB का भावुक फैसला, भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 Fans की याद में पहनेंगे खास जर्सी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल की जीत के जश्न में हुई भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आगामी आईपीएल में अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। टीम मैच के दिन काली पट्टी भी बांधेगी और स्टेडियम में मृतकों की याद में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रही है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा उस दिन वे अपनी बांह पर काले रंग की पट्टी भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।’’
मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा। आरसीबी इस आईपीएल में अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगा।
अन्य न्यूज़














