TVS Motor Company की बिक्री में 29 प्रतिशत उछाल, Apache और Jupiter की मजबूत मांग

TVS
प्रतिरूप फोटो
tvsmotor.com
Ankit Jaiswal । Nov 1 2026 6:22PM

टीवीएस मोटर कंपनी ने अक्टूबर 2026 में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ कुल 7,00,134 वाहन बेचे। कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री 120 प्रतिशत उछलकर 71,382 इकाई पर पहुंच गई, जबकि निर्यात में 51 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। वहीं अपाचे और जुपिटर श्रृंखला की भी बाजार में मजबूत पकड़ रही।

त्योहारी सीजन में वाहन खरीदने वालों की बढ़ती संख्या का फायदा टीवीएस मोटर कंपनी को मिला है। कंपनी ने अक्टूबर 2026 में कुल 7,00,134 वाहन बेचे, जो पिछले साल इसी महीने के मुकाबले 29% ज्यादा हैं। अक्टूबर 2025 में कंपनी की कुल बिक्री 5,43,557 इकाई रही थी। इस बार बिक्री में सबसे बड़ा योगदान दोपहिया वाहनों का रहा। वहीं, इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग और विदेशों में निर्यात बढ़ने से कंपनी के कारोबार को भी मजबूती मिली है।

कंपनी के दोपहिया वाहनों की बिक्री अक्टूबर में 6,70,679 इकाई रही, जो पिछले साल की 5,25,150 इकाई के मुकाबले 28% अधिक है। घरेलू बाजार में भी कंपनी ने अच्छी बढ़त दर्ज की। अक्टूबर में टीवीएस ने देश में 5,14,764 दोपहिया वाहन बेचे, जबकि एक साल पहले इसी महीने यह आंकड़ा 4,21,631 इकाई था। इससे पता चलता है कि त्योहारों के दौरान बाइक और स्कूटर की मांग में तेजी बनी रही।

अक्टूबर के बिक्री आंकड़ों में सबसे ज्यादा चर्चा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की रही। टीवीएस ने इस महीने 71,382 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जबकि अक्टूबर 2025 में इनकी बिक्री 32,387 इकाई थी। यानी सालाना आधार पर इसमें 120% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटर आईक्यूब की मांग लगातार बढ़ रही है। कुछ महीने पहले ही होसुर स्थित कंपनी के संयंत्र से 10 लाखवां आईक्यूब बाहर आया था। इसके बाद कंपनी ने 10 लाख ग्राहकों की उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए मिलियनआर संस्करण भी पेश किया था।

विदेशी बाजारों में भी टीवीएस के वाहनों की मांग बढ़ी है। अक्टूबर में कंपनी ने दूसरे देशों में कुल 1,75,350 वाहन भेजे, जो पिछले साल के 1,15,806 वाहनों से 51% अधिक हैं। इसमें दोपहिया वाहनों का निर्यात 1,55,915 इकाई रहा, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 1,03,519 इकाई था। वहीं, तिपहिया वाहनों की बिक्री में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। कंपनी ने अक्टूबर में 29,455 तिपहिया वाहन बेचे, जो पिछले साल के 18,407 वाहनों से 60% ज्यादा हैं।

बता दें कि टीवीएस की अपाचे मोटरसाइकिल सीरीज ने भी इस साल एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 में इस सीरीज के वैश्विक ग्राहकों की संख्या 70 लाख के पार पहुंच गई थी। साल 2005 में शुरू हुई अपाचे अब 90 देशों में बेची जाती है। इसके अलग-अलग मॉडल जैसे आरटीआर 160, आरटीआर 200 4वी, आरटीआर 310 और आरआर 310 ने इसे अलग-अलग श्रेणी के बाइक पसंद करने वालों के बीच पहचान दिलाई है। इस सीरीज से जुड़े पंजीकृत सदस्यों की संख्या भी 5 लाख से ज्यादा हो चुकी है।

कंपनी के जुपिटर स्कूटर की लोकप्रियता भी लगातार बढ़ रही है। हाल ही में इसके ग्राहकों की कुल संख्या 90 लाख के पार पहुंची। जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 70 लाख था। जुपिटर 110 सीसी और 125 सीसी श्रेणी में उपलब्ध है और देश में कंपनी के प्रमुख स्कूटरों में शामिल है। फिलहाल यह भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाले स्कूटरों में दूसरे स्थान पर है।

गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत से ही टीवीएस की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मई में कंपनी ने 5.67 लाख, जून में 5.90 लाख और जुलाई में 6.30 लाख वाहन बेचे थे। पहली तिमाही में कुल बिक्री 16.31 लाख इकाई रही, जो कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा तिमाही आंकड़ा है। इस दौरान इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 1.30 लाख इकाई तक पहुंची थी। अक्टूबर के आंकड़े बताते हैं कि कंपनी के पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के वाहनों की मांग मजबूत बनी हुई हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़