Siegwerk करेगा Bhiwadi प्लांट का विस्तार, राजस्थान में निवेश 630 करोड़ रुपये पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पैकेजिंग स्याही निर्माता सीगवर्क भिवाड़ी संयंत्र को अपना सबसे बड़ा वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने की योजना पर काम कर रहा है। जर्मनी की यह कंपनी भारत में नवाचार, अनुसंधान और स्वचालन क्षमता बढ़ाने के लिए नया निवेश करेगी। कंपनी यहां वैश्विक क्षमता केंद्र भी तैयार कर रही है।

जयपुर, दो सितंबर पैकेजिंग स्याही निर्माता कंपनी सीगवर्क ने राजस्थान में अबतक 630 करोड़ रुपये का निवेश किया है और भिवाड़ी स्थित अपने परिचालन का विस्तार करने की योजना बनाई है। कंपनी इस संयंत्र को दुनिया में अपना सबसे बड़ा विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जर्मनी की इस कंपनी ने वर्ष 2026 में भारत में परिचालन के 20 वर्ष पूरे किए हैं। कंपनी की भारत में विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में और निवेश करने की योजना है। भिवाड़ी स्थित कंपनी के संयंत्र की मौजूदा वार्षिक उत्पादन क्षमता 35,000 टन है।

यह 19 एकड़ क्षेत्र में फैला है और यहां करीब 600 लोग कार्यरत हैं। सीगवर्क एशिया के अध्यक्ष आशीष प्रधान ने कहा कि राजस्थान स्थित संयंत्र कंपनी के वैश्विक परिचालन में अब और बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, कंपनी विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के साथ प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, नवाचार और अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में उच्च मूल्य वाली क्षमताएं विकसित कर रही है।

प्रधान ने बताया कि कंपनी भिवाड़ी में अपना वैश्विक क्षमता केंद्र भी विकसित कर रही है। इसका उद्देश्य भारत के बाहर के बाजारों के लिए समाधान और विशेषज्ञता तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संयंत्र का विस्तार कर उत्पादन क्षमता और स्वचालन बढ़ाया जा रहा है।

इसके बाद यह दुनिया भर में सीगवर्क का सबसे बड़ा ‘सेंटर ऑफ एक्सिलेंस’ बनने की उम्मीद है। प्रधान ने कहा, अब हमारा ध्यान अपने नेटवर्क को और मजबूत करने तथा ऐसी क्षमताएं विकसित करने पर है, जिससे हम न केवल भारतीय बाजार बल्कि पूरे एशिया और दुनिया भर के ग्राहकों और कारोबार की जरूरतें पूरी कर सकें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़