SBI Card को दूसरी तिमाही में भारी मुनाफा, 778 करोड़ रुपये पहुंचा शुद्ध लाभ

एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 75 प्रतिशत के उछाल के साथ 778 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार के चलते कंपनी का डूबे कर्ज से जुड़ा खर्च 37 प्रतिशत घटकर 819 करोड़ रुपये रह गया। वहीं समीक्षाधीन अवधि में कुल आय 5,302 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड (एसबीआई कार्ड) का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 75 प्रतिशत बढ़कर 778 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में शुद्ध लाभ 445 करोड़ रुपये रहा था। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) प्रवर्तित क्रेडिट कार्ड कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 5,302 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 5,136 करोड़ रुपये थी।
ब्याज आय बढ़कर 2,511 करोड़ रुपये हो गई, जबकि अन्य स्रोतों से आय बढ़कर 2,630 करोड़ रुपये रही। कंपनी की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ। 30 सितंबर, 2026 तक सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) कुल कर्ज के 1.90 प्रतिशत पर आ गई, जो एक साल पहले 2.85 प्रतिशत थी।
शुद्ध एनपीए भी पिछले साल की समान तिमाही के 1.29 प्रतिशत से घटकर 0.77 प्रतिशत पर आ गया। कंपनी ने बताया कि इसके परिणामस्वरूप जुलाई-सितंबर तिमाही में परिसंपत्तियों के मूल्य में कमी और डूबे कर्ज से संबंधित खर्च 37 प्रतिशत घटकर 819 करोड़ रुपये रह गए, जो एक साल पहले 1,293 करोड़ रुपये थे।
अन्य न्यूज़













