Asian Para Games में Sumit Antil ने 72.46 मीटर थ्रो के साथ जीता स्वर्ण, भारत ने किए तीनों पदक अपने नाम

Asian Para Games में Sumit Antil ने 72.46 मीटर थ्रो के साथ जीता स्वर्ण, भारत ने किए तीनों पदक अपने नाम
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों पदकों पर कब्जा जमाया। 28 वर्षीय सुमित अंतिल ने अपने दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा। वहीं महेंद्र गुर्जर को आरएजेडए अंक प्रणाली के आधार पर रजत और संदीप संजय सरगर को कांस्य पदक मिला।

भारत के स्टार पैरा भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल ने शुक्रवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों की एफ 42-44/61-64 संयुक्त स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपने खिताब का बचाव किया तो वहीं इस स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किये। दो बार के पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता और विश्व रिकॉर्ड धारक 28 वर्षीय सुमित ने अपने दूसरे प्रयास में 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। सुमित ने 2023 के एशियाई पैरा खेलों में 73.29 मीटर के तत्कालीन विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

इसके बाद उन्होंने इस साल मई में 74.82 मीटर का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। शुक्रवार को वह अपना रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके, लेकिन एफ64 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए अन्य खिलाड़ियों से आगे रहे। एफ42 वर्ग में हिस्सा लेने वाले महेंद्र गुर्जर ने 59.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता, जबकि एफ44 वर्ग के संदीप संजय सरगर ने 64.48 मीटर भाला फेंककर कांस्य पदक हासिल किया।

महेंद्र को कम दूरी के बावजूद रजत पदक मिला। संयुक्त स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की रैंकिंग तय करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आरएजेडए अंक में महेंद्र को बढ़त मिली, जिसके आधार पर उन्हें संदीप से ऊपर स्थान दिया गया। भाला फेंक और चक्का फेंक जैसी मैदान में होने वाली स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने और मुकाबले को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए एफ42, एफ44, एफ62 और एफ64 जैसे वर्गों को अक्सर एक संयुक्त स्पर्धा में शामिल किया जाता है।

एफ42 और एफ44 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जो भाला फेंकने या दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर का इस्तेमाल नहीं करते। एफ62 और एफ64 वर्ग में निचले अंगों से संबंधित अक्षमता वाले वे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं, जो कृत्रिम पैर या पैरों की मदद से खड़े होकर खेलते हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़