Jio Platforms की शेयर बाजार में बंपर शुरुआत, 23 प्रतिशत बढ़त के साथ बनी देश की दूसरी मूल्यवान कंपनी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने निर्गम मूल्य 1,119 रुपये के मुकाबले बुधवार को जोरदार तेजी के साथ कारोबार शुरू किया। बीएसई और एनएसई पर 21 प्रतिशत से अधिक प्रीमियम पर सूचीबद्ध होने के बाद इसका बाजार मूल्यांकन 12.57 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इस उछाल से कंपनी बाजार पूंजीकरण में भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने बुधवार को बाजार में जोरदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 23 प्रतिशत चढ़ा और इसके साथ ही बाजार पूंजीकरण के लिहाज से यह देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। बीएसई और एनएसई पर शेयर ने 1,358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो निर्गम मूल्य से 21.36 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी का बाजार मूल्यांकन 12,57,401.07 करोड़ रुपये रहा। बाद में बीएसई पर शेयर दिन के उच्चतम स्तर 1,375 रुपये पर पहुंच गया, जो निर्गम मूल्य से 22.87 प्रतिशत अधिक है। एनएसई पर शेयर 22.83 प्रतिशत चढ़कर 1,374.50 रुपये पर पहुंच गया।

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष पांच कंपनियों की सूची में जियो प्लेटफॉर्म्स भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.94 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है। जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के मुकाबले 22.19 गुना बोलियां मिली थीं।

सार्वजनिक निर्गम और बड़े (एंकर) निवेशकों को शेयर आवंटन को मिलाकर कुल मांग सात लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई थी। वहीं आवेदनों की संख्या करीब 1.39 करोड़ तक पहुंच गई थी। यह वैश्विक स्तर पर भी एक बड़ा आंकड़ा है।

आईपीओ पूरी तरह 27 करोड़ नए शेयर का निर्गम था। इसके लिए मूल्य दायरा 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर था। सार्वजनिक निर्गम से पहले जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 अक्टूबर को 212 बड़े (एंकर) निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे।

पिछले सप्ताह बुधवार को आईपीओ खुलने के पहले ही दिन जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के निर्गम को 100 मिनट के भीतर पूर्ण अभिदान मिल गया था। इसके साथ ही यह भारत में सबसे तेजी से अभिदान पाने वाला बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.4 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली जियो प्लेटफॉर्म्स ने 21 अक्टूबर को अपना आईपीओ पेश किया था।

यह निर्गम 23 अक्टूबर को बंद हुआ था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़