Inox Wind को IOC से मिला 755 करोड़ रुपये का बड़ा Wind Energy प्रोजेक्ट

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने 100 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना का ठेका आईनॉक्स विंड लिमिटेड को सौंपा है। यह ठेका पूर्ण परियोजना आधार पर दिया गया है, जिसमें उपकरणों की आपूर्ति से लेकर निर्माण और दीर्घकालिक रखरखाव शामिल है। इस समझौते से आईनॉक्स विंड के ग्राहक आधार को और मजबूती मिलेगी।
नयी दिल्ली, तीन सितंबर आईनॉक्स विंड लिमिटेड (आईडब्ल्यूएल) को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से 100 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना के लिए 755 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि ठेका पूर्ण परियोजना आधार पर दिया गया है और इसमें परियोजना शुरू होने के बाद परिचालन एवं रखरखाव सेवाएं भी शामिल हैं। आईनॉक्स विंड ठेके के तहत पवन टर्बाइन जनरेटर की आपूर्ति से लेकर इंजीनियरिंग, खरीद एवं विनिर्माण (ईपीसी), परियोजना क्रियान्वयन और इसके शुरू होने के बाद परिचालन एवं रखरखाव (ओएंडएम) तक सभी कार्य संभालेगी।
कंपनी के अनुसार, इस ठेके से उसके विविध ग्राहक आधार को मजबूती मिलेगी, जिसमें वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सीएंडआई) ग्राहक, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) और स्वतंत्र बिजली उत्पादक (आईपीपी) शामिल हैं। आईनॉक्सजीएफएल समूह के नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार के समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैलाश ताराचंदानी ने कहा, ‘‘ हमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से यह 100 मेगावाट का ठेका मिलने की खुशी है। इंडियन ऑयल महारत्न कंपनी और देश की सबसे बड़ी पेट्रोलियम विपणन कंपनी है।’’ आईनॉक्स विंड ने बताया कि यह ठेका एकीकृत पवन ऊर्जा समाधान प्रदाता के रूप में कंपनी की स्थिति को और मजबूत करता है।
कंपनी के पास टर्बाइन की आपूर्ति और परियोजना विकास से लेकर इंजीनियरिंग, खरीद एवं विनिर्माण तथा दीर्घकालिक परिचालन एवं रखरखाव तक परियोजना को पूरा करने की क्षमता है।
अन्य न्यूज़














