IPO की तैयारी में जुटी Carlsberg India का शुद्ध लाभ 22 फीसदी बढ़कर 534 करोड़ रुपये हुआ

बीयर विनिर्माता कार्ल्सबर्ग इंडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 534.51 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। हालांकि, टॉफलर से मिले आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कंपनी का परिचालन राजस्व 2.2 प्रतिशत घटकर 8,708.8 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी को प्रस्तावित सार्वजनिक निर्गम के लिए सेबी से मंजूरी भी मिल चुकी है।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही बीयर कंपनी कार्ल्सबर्ग इंडिया का बीते वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत बढ़कर 534.51 करोड़ रुपये रहा है। हालांकि, इस दौरान कंपनी की आमदनी 2.2 प्रतिशत घटकर 8,708.8 करोड़ रुपये पर आ गई है। कारोबारी आसूचना मंच टॉफलर के माध्यम से प्राप्त वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी की अन्य आय सहित कुल आय 2.25 प्रतिशत घटकर 8,814.96 करोड़ रुपये रही।
डेनमार्क की प्रमुख शराब कंपनी कार्ल्सबर्ग समूह की अनुषंगी कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में 8,906.50 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व और 437.94 करोड़ रुपये का शुद्ध कमाया था। ट्यूबर्ग, कार्ल्सबर्ग एलिफेंट और क्रोननबर्ग 1664 ब्लांक जैसे लोकप्रिय बीयर ब्रांड बेचने वाली कंपनी ने जुलाई, 2026 में प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास गोपनीय तरीके से दस्तावेज जमा किए थे। कंपनी को एक अक्टूबर, 2026 को आईपीओ के लिए मंजूरी मिल गई।
खबरों के मुताबिक, कंपनी की आईपीओ के जरिये करीब 70 करोड़ डॉलर जुटाने की योजना है। वित्त वर्ष 2025-26 में कार्ल्सबर्ग इंडिया की अपनी मूल कंपनी को दी जाने वाली रॉयल्टी 13.23 प्रतिशत बढ़कर 90.01 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, सरकारों को दिए जाने वाले आबकारी शुल्क पर कंपनी का खर्च करीब 12 प्रतिशत घटकर 4,816.83 करोड़ रुपये रह गया।
वित्त वर्ष 2024-25 में यह करीब 5,468.24 करोड़ रुपये था। कंपनी का विपणन एवं प्रचार खर्च 2.24 प्रतिशत घटकर 69.22 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, बिक्री प्रोत्साहन पर खर्च 42.62 प्रतिशत बढ़कर 848.71 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 595.07 करोड़ रुपये था।
कंपनी का कुल खर्च वित्त वर्ष 2025-26 में करीब चार प्रतिशत घटकर 8,090.81 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2024-25 में यह 8,426.23 करोड़ रुपये था। सिंगापुर स्थित साउथ एशियन ब्रुअरीज पीटीई लिमिटेड के पास कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
यह कंपनी कार्ल्सबर्ग साउथ एशिया पीटीई लिमिटेड की अनुषंगी है, जो भारत में कार्ल्सबर्ग के कारोबार की होल्डिंग कंपनी है।
अन्य न्यूज़













