Kochi में न्यायाधीश के नाबालिग बेटे की Mercedes से टक्कर, स्कूटर सवार की मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल के कोच्चि में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 54 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई, जिसे एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के नाबालिग बेटे द्वारा चलाई जा रही कार ने टक्कर मार दी थी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वाहन न्यायाधीश के नाम पर ही पंजीकृत पाया गया है।

केरलम के कोच्चि में शनिवार देर रात एक अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के नाबालिग बेटे द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही मर्सिडीज-बेंज कार की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा देर रात दो से तीन बजे के बीच यहां चेरानेल्लूर के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि कार न्यायाधीश के नाम पर पंजीकृत है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की एक नजदीकी रिश्तेदार ने संवाददाताओं को बताया कि वह आजीविका के लिए खाने का स्टॉल संचालित करता था और जब वह घर लौट रहा था तभी यह हादसा हुआ।

उसने कहा कि कार बहुत तेज रफ्तार में रही होगी, क्योंकि उसके रिश्तेदार का स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दुपहिया वाहन पर रखा उसका सारा सामान बिखर गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने थाने में न्यायाधीश से सवाल किया कि नाबालिग बेटे को कार क्यों चलाने दी गई तो न्यायाधीश ने उससे अभद्रता से बात की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़