APSEZ का दूसरी तिमाही मुनाफा 18 फीसदी बढ़ा, कुल आय 11,609 करोड़ रुपये पहुंची

APSEZ का दूसरी तिमाही मुनाफा 18 फीसदी बढ़ा, कुल आय 11,609 करोड़ रुपये पहुंची
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अदाणी समूह की प्रमुख बंदरगाह कंपनी एपीएसईजेड ने दूसरी तिमाही में 3,682.44 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इस दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 11,609.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि कुल खर्च 7,252.7 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने अपने महत्वाकांक्षी विस्तार लक्ष्यों को देखते हुए पूंजीगत व्यय का अनुमान भी बढ़ाया है।

अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 18 प्रतिशत बढ़कर 3,682.44 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 3,120.20 करोड़ रुपये रहा था। एपीएसईजेड ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 11,609.77 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 10,004.06 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 7,252.7 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 6,103.59 करोड़ रुपये था। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्वनी गुप्ता ने कहा, ‘‘हम अपने ‘महत्वाकांक्षा 2031’ लक्ष्यों की दिशा में निवेश तेज कर रहे हैं। इसके बावजूद हमारा बही-खाता बेहद मजबूत बना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले दो वर्षों में पूंजीगत व्यय के रूप में 30,346 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

इसमें चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में योजना से अधिक किया गया निवेश भी शामिल है। इसके बावजूद शुद्ध ऋण और कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) का अनुपात केवल 1.8 गुना बना हुआ है। यह हमारे कारोबारी मॉडल की मजबूती और पूंजी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल को दर्शाता है।’’ एपीएसईजेड ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में पूंजीगत व्यय अधिक रहने के बावजूद उसने 2,806 करोड़ रुपये का मुक्त नकदी प्रवाह अर्जित किया।

कंपनी ने कहा कि एपीएसईजेड के 2031 के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के साथ उसने पूंजीगत व्यय का अनुमान 3,000 करोड़ रुपये बढ़ाकर 15,000-17,000 करोड़ रुपये कर दिया है। वैश्विक स्तर पर विविध कारोबार वाले अदाणी समूह का हिस्सा एपीएसईजेड भारत में बंदरगाहों का विकास एवं संचालन करने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। इसके पश्चिमी तट पर रणनीतिक रूप से स्थित सात और पूर्वी तट पर आठ बंदरगाह तथा टर्मिनल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़