Adani Enterprises QIP को मिलीं ₹38,000 करोड़ की Bids, मांग देख कंपनी ने बढ़ाया इश्यू साइज

Gautam Adani
ANI

अदाणी एंटरप्राइजेज ने अपने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) का आकार बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये कर दिया है, क्योंकि इसे संस्थागत निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और निर्गम को लगभग 3.8 गुना अभिदान मिला। इस सफल फंड जुटाने की प्रक्रिया में कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड जैसे प्रमुख वैश्विक और घरेलू निवेशकों ने हिस्सा लिया।

अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने अपने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) का आकार 10,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये कर दिया है। मामले से जुड़े लोगों के अनुसार, शेयर बिक्री को करीब 38,000 करोड़ रुपये की बोलियां मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को शुरू हुए इस निर्गम को मूल निर्गम आकार की तुलना में करीब 3.8 गुना अभिदान मिला। इसमें मुख्य रूप से दीर्घकालिक संस्थागत निवेशकों ने निवेश किया। निर्गम में निवेश करने वालों में कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन और नोमुरा जैसी वैश्विक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियां और वित्तीय संस्थान शामिल हैं।

घरेलू निवेशकों में एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, एसबीआई म्यूचुअल फंड और टाटा म्यूचुअल फंड शामिल रहे। यह मजबूत प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब निवेशक अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी से जुड़े अमेरिका में जारी कानूनी मामलों पर भी नजर बनाए हुए हैं। यह पिछले एक वर्ष में अदाणी एंटरप्राइजेज की दूसरी बड़ी इक्विटी फंड जुटाने की कवायद है। इससे पहले कंपनी ने 2025 में 25,000 करोड़ रुपये का राइट्स इश्यू पूरा किया था।

कंपनी ने कहा कि शेयर बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और रणनीतिक निवेश तथा अधिग्रहण आदि के लिए किया जाएगा। निर्गम का सांकेतिक मूल्य 2,883 रुपये प्रति शेयर रखा गया, जो भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा निर्धारित 3,034.68 रुपये के न्यूनतम मूल्य से पांच प्रतिशत और दो जुलाई के बंद भाव 3,177.50 रुपये से 9.27 प्रतिशत कम है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़