Ranji Trophy: अंगकृष रघुवंशी और मुशीर खान के शतकों से मजबूत स्थिति में पहुंचा Mumbai

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन मुंबई ने तीन विकेट खोकर 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अंगकृष रघुवंशी ने 114 और मुशीर खान ने 109 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 208 रन की साझेदारी ने टीम को शुरुआती झटके से उबार लिया।

अंगकृष रघुवंशी (114) और मुशीर खान (109) के शानदार शतक की मदद से मुंबई ने सोमवार को यहां हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन तीन विकेट पर 290 रन बनाकर मजबूत स्कोर की ओर कदम बढ़ाए। रघुवंशी ने अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक जड़ा जबकि मुशीर ने टूर्नामेंट में तीसरी बार 50 से अधिक रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी करके मुंबई की पारी को मजबूती दी।

मुंबई को दिव्यांश सक्सेना (10) के जल्दी आउट होने से शुरुआती झटका लगा लेकिन सलामी बल्लेबाज रघुवंशी और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने तेज गर्मी और उमस के बीच शानदार शतक लगाकर मेजबान टीम को संभाल लिया। रघुवंशी ने 180 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा जबकि मुशीर ने 185 गेंद की अपनी पारी में चौके और एक छक्का मारा। दिन का खेल समाप्त होने पर कप्तान सिद्धेश लाड 29 और सरफराज खान 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

चेन्नई में जुबैर अली की 75 रन की पारी और हिमांशु सांगवान के साथ दसवें विकेट के लिए उनकी 61 रन की साझेदारी के बावजूद तमिलनाडु के खिलाफ रेलवे की टीम पहली पारी में 184 रन पर आउट हो गई। इसके जवाब में तमिलनाडु ने दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे और वह पहली पारी के आधार पर 113 रन से पीछे है। देहरादून में उत्तराखंड ने देवेंद्र बोरा (72 रन पर छह विकेट) के छह विकेट की बदौलत राजस्थान को 272 रन पर आउट करने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 18 रन बनाए।

पहली पारी के आधार पर वह राजस्थान से 254 रन पीछे है। अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाली चंडीगढ़ की टीम ने तीसरे दौर के मुकाबले में शानदार शुरुआत की। टीम ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 363 रन बना लिए थे।

चंडीगढ़ की ओर से अर्जुन आजाद ने 146 रन बनाए जबकि नेहल पजनी 126 रन बनाकर खेल रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़