Indian tennis player Parikshit Somani पर डोपिंग के चलते लगा चार साल का बैन

Indian tennis player Parikshit Somani पर डोपिंग के चलते लगा चार साल का बैन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) के स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने भारतीय खिलाड़ी परीक्षित सोमानी को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाया है। कजाकिस्तान में डोप टेस्ट के दौरान उनके नमूने में ट्राइमेटाजिडीन मिला था, जिसके बाद उनकी भोजन दूषित होने की दलील खारिज कर दी गई।

भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर पिछले साल अस्ताना में एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट के दौरान डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने के बाद चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) की स्वतंत्र पंचाट ने सोमानी पर यह प्रतिबंध लगाया है। छब्बीस वर्षीय सोमानी जुलाई 2023 में करियर की सर्वश्रेष्ठ 256वीं युगल रैंकिंग पर पहुंचे थे।

कजाकिस्तान में 31 जुलाई 2025 को लिए गए उनके नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ ट्राइमेटाजिडीन पाया गया था। सोमानी को 23 सितंबर 2025 को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था। आईटीआईए ने बताया, ‘‘ सेमानी ने फरवरी 2026 में दावा किया था कि उन्होंने परिवार के एक सदस्य द्वारा तैयार भोजन खाया था।

भोजन तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान परिवार के सदस्य की दवा से वह भोजन दूषित हो गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘19 अगस्त 2026 को स्वतंत्र न्यायाधिकरण के समक्ष हुई सुनवाई में सोमानी ने इसी दावे को अपने बचाव का आधार बनाया। सोमानी और आईटीआईए की ओर से पेश किए गए वैज्ञानिक विशेषज्ञों की राय पर विचार करने के बाद पंचाट ने भोजन के दूषित होने की उनकी दलील को ‘वैज्ञानिक रूप से अविश्वसनीय, अत्यधिक अटकलों’ पर आधारित और असंतोषजनक माना।’’ पंचाट ने कहा कि सोमानी अपने नमूने में पाए गए प्रतिबंधित पदार्थ के स्रोत को साबित नहीं कर सके। इसलिए उन्हें कोई राहत नहीं दी गई।

पहले से लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध की अवधि को चार साल की सजा में शामिल किया जाएगा। इसके अनुसार, सोमानी का प्रतिबंध 22 सितंबर 2029 को समाप्त होगा। प्रतिबंध की अवधि के दौरान सोमानी विश्व टेनिस, डब्ल्यूटीए, एटीपी, ग्रैंड स्लैम या किसी राष्ट्रीय टेनिस संघ द्वारा आयोजित या मान्यता प्राप्त किसी भी प्रतियोगिता में खिलाड़ी, कोच या दर्शक के तौर पर हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़