India Women की नजरें Vadodara में Zimbabwe के खिलाफ दूसरा वनडे जीतकर सीरीज सील करने पर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। पहले वनडे में स्पिनर श्रीचरणी के चार विकेट और प्रतिका रावल के नाबाद शतक के दम पर मेजबान टीम ने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी।

आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ रविवार को यहां दूसरे वनडे में उतरेगी तो उसका इरादा श्रृंखला में 2 . 0 से अजेय बढत बनाने पर लगी होंगी। टी20 श्रृंखला 3 . 0 से जीतने के बाद भारत ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया। स्पिनर श्रीचरणी ने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर चार विकेट लिये जबकि प्रतिका रावल ने नाबाद 100 रन बनाये।

पिच से मदद नहीं मिलने के बावजूद चरणी ने बेहद अनुशासित गेंदबाजी की। तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने भी तीन विकेट लिये जिसकी मदद से भारत ने जिम्बाब्वे को 197 रन पर आउट कर दिया और 22 ओवर बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम संयोजन पर काम कर रहे भारतीय टीम प्रबंधन के लिये प्रतिका की पारी राहत की बात रही जिन्होंने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की।

उन्होंने कप्तान स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिये 94 रन जोड़े और प्रति ओवर दस की औसत से रन बनाये। भारत को अपनी फील्डिंग पर काम करना होगा क्योंकि जिम्बाब्बे की पारी की शुरूआत में दो कैच छूटे थे। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने धैर्य से काम किया लेकिन बीच के ओवरों में साझेदारी नहीं बन सकी जिस पर उन्हें काम करना होगा।

चिपो मुगेरी तिरिपानो और माडेस्टर मुपाचिकवा जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहीं। शेरने मायेर्स ने अभी तक नाबाद 43, 9, 60 और आठ रन बनाये हैं जिनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। 17 वर्ष की बीलवड बिजा का फॉर्म अहम होगा जिन्होंने पिछले दो मैचों में चार और 62 रन बनाये हैं।

मिचेले मावुंगा ने 23 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। वह इस लय को कायम रखकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगी। टीमें : भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरलीन देयोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), हरमनप्रीत कौर, सयाली सतघरे, शेफाली वर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा।

जिम्बाब्वे: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), चिएद्ज़ा धुरुरू (विकेटकीपर), शार्ने मेयर्स, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), बिलव्ड बीज़ा, न्याशा ग्वांज़ुरा, मिशेल मावुंगा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, ओलिन्दर चारे, कुदज़ई चिगोरा, फ्रांसिस्का चिपारे, तेंडाई मकुशा, लोरिन फिरी, नोमवेलो सिबांडा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़