Asian Games में Himanshu Dhillon ने जीता 10m एयर राइफल में रजत पदक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में युवा निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। इसी व्यक्तिगत मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने देश के लिए कांस्य पदक जीता। इससे पहले भारतीय टीम ने इसी स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया था।

किशोर निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अंतिम चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोमवार को यहां एशियाई खेलों की पुरुष 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता जबकि पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों व्यक्तिगत पदक भारत के टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के करीब एक घंटे बाद आए। रुद्रांक्ष, ढिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने 1890.1 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया था।

चीन ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। निशानेबाजी में भारत ने दूसरे दिन तीन पदक जीते जिससे इस खेल में देश के पदकों की संख्या पांच हो गई है। भारतीय निशानेबाजों ने रविवार को महिला 10 मीटर एयर राइफल में दो रजत पदक जीतकर अभियान की शुरुआत की थी।

महाद्वीपीय खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या अब छह हो गई है। इनमें महिला पारंपरिक 60 किग्रा मिश्रित मार्शल आर्ट स्पर्धा में सुचिका तरियाल का कांस्य पदक भी शामिल है। बीस वर्षीय ढिल्लों ने 252.4 अंक जुटाकर दूसरा स्थान हासिल किया।

चीन के लिहाओ शेंग ने 254.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में कई मौकों पर शीर्ष में जगह बनाने वाले रुद्रांक्ष 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। रुद्रांक्ष ने मजबूत शुरुआत की और फाइनल के शुरुआती दौर में लिहाओ के साथ कड़ा मुकाबला किया।

उन्होंने दूसरी सीरीज 106.0 के कुल स्कोर के साथ समाप्त की जबकि लिहाओ के 104.9 और ढिल्लों के 104.8 अंक थे। हालांकि दूसरे चरण की छठी सीरीज में रुद्रांक्ष ने 9.7 का निशाना लगाया जबकि ढिल्लों ने 10.6 अंक हासिल कर उन्हें पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। इसके साथ ही ढिल्लों ने मौजूदा एशियाई खेलों में अपना दूसरा रजत पदक पक्का किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़