BFI में तकरार: महासचिव Pramod Kumar ने बुलाई SGM, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से मांगे पर्यवेक्षक

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के निलंबित महासचिव प्रमोद कुमार ने अध्यक्ष अजय सिंह के खिलाफ 28 अक्टूबर को विशेष आम बैठक बुलाई है। इस बैठक के लिए उन्होंने वर्ल्ड बॉक्सिंग, भारतीय ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय को पर्यवेक्षक भेजने का न्योता दिया है। कुमार ने अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत होने का दावा भी किया है।
निलंबित भारतीय मुक्केबाजी महासंघ(बीएफआई) के महासचिव प्रमोद कुमार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने 28 अक्टूबर को होने वाली विशेष आम बैठक (एसजीएम) के बारे में ‘वर्ल्ड बॉक्सिंग’, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और खेल मंत्रालय को सूचित कर दिया है। उन्होंने इन संस्थाओं से बैठक में अपने पर्यवेक्षक भेजने का भी आग्रह किया है। इसी महीने की शुरुआत में कुमार ने बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
इस प्रस्ताव पर 28 अक्टूबर को होने वाली विशेष आम बैठक में विचार किया जाएगा। इसके बाद सिंह ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, जांच में सहयोग नहीं करने और अधिकारों के दुरुपयोग के आरोपों की जांच लंबित रहने तक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके एक दिन बाद कुमार ने भी अविश्वास प्रस्ताव के नतीजे आने तक सिंह को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर महासंघ के संविधान का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं। कुमार ने पीटीआई से कहा, ‘‘हमने वर्ल्ड बॉक्सिंग, भारतीय ओलंपिक संघ और खेल मंत्रालय को सूचित कर दिया है और बैठक में उनके पर्यवेक्षकों को आमंत्रित किया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा सारा पत्राचार आईओए और मंत्रालय के साथ हो रहा है।
’’ कुमार के अनुसार, वर्ल्ड बॉक्सिंग ने उनके ईमेल का जवाब दिया है। अंतरराष्ट्रीय संस्था ने समय की कमी के कारण पर्यवेक्षक भेजने में असमर्थता जताई, लेकिन कहा कि वह घटनाक्रम पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय संस्था ने ईमेल का जवाब देते हुए कहा कि समय की कमी के कारण वह पर्यवेक्षक नहीं भेज सकती।
हालांकि, उसने 28 अक्टूबर की बैठक पर नजर रखने और उसके बाद फैसला लेने की बात कही है। ’’ कुमार ने आगे कहा, ‘‘हम पिछले छह महीनों से वर्ल्ड बॉक्सिंग को ईमेल भेज रहे हैं। विश्व कप के दौरान भी हमने उन्हें स्थिति से अवगत कराया था।
उस समय भी सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव था। ’’ पिछले साल महासचिव चुने गए कुमार ने दावा किया कि अजय सिंह के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए उनके पास जरूरी दो-तिहाई बहुमत है। उन्होंने कहा कि सिंह ने अभी तक बैठक की पुष्टि नहीं की है।
कुमार के मुताबिक, बीएफआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कुमार ने कहा, ‘‘सिंह की ओर से अभी तक कोई जवाब या पुष्टि नहीं मिली है। चूंकि प्रस्ताव उनके खिलाफ है इसलिए महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
’’ सिंह पर निशाना साधते हुए कुमार ने उनकी तुलना हिटलर से भी की। उन्होंने कहा, ‘‘उनके लिए सब कुछ उनका अपना है। संविधान वही है, जो वह कहते हैं।
वह किसी हिटलर से कम नहीं हैं। उनकी बात ही सब कुछ है, उनकी बात ही संविधान है और उनकी बात ही सर्वोपरि है। ’’ बीएफआई में सत्ता संघर्ष के बीच पूर्व मुक्केबाजों और कोचों ने जवाबदेही और एकता की अपील की।
बीएफआई में जारी सत्ता संघर्ष के बीच द्रोणाचार्य और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित कोचों तथा पूर्व मुक्केबाजों ने जवाबदेही, एकता और मुक्केबाजी के लिए एक व्यापक राष्ट्रीय योजना बनाने की मांग की है।
अन्य न्यूज़













