Kannur में भीषण Road Accident, खड़े ट्रक से टकराई लॉरी; 2 मैकेनिकों की मौत

केरलम के कन्नूर जिले स्थित पिलाथारा में रविवार देर रात एक अनियंत्रित टैंकर लॉरी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे के समय वहां वाहन की मरम्मत कर रहे दो मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद लकड़ी से लदे ट्रक में आग लग गई, जिसे अग्निशमन दल ने बुझाया।
केरलम में कन्नूर जिले के पिलाथारा में रविवार देर रात एक टैंकर लॉरी के सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब ढाई बजे हुई।
उसने बताया कि हादसे में मारे गए दोनों व्यक्ति मैकेनिक थे और खराब ट्रक की मरम्मत कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि टैंकर लॉरी कथित तौर पर अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई जिससे आग लग गई। उसने बताया कि इस टक्कर के कारण दोनों मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि लकड़ी से लदा ट्रक आग के कारण जलकर पूरी तरह खाक हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि आग को टैंकर लॉरी तक फैलने से रोकने के लिए उसे घटनास्थल से तुरंत हटा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अन्य न्यूज़













