Nagpur में Chlorine Gas का रिसाव होने से कई लोग अस्पताल में भर्ती, NDRF तैनात

Nagpur में Chlorine Gas का रिसाव होने से कई लोग अस्पताल में भर्ती, NDRF तैनात
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नागपुर के गोदहनी स्थित जल शोधन संयंत्र में रविवार देर रात 900 किलोग्राम क्षमता वाले सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इसके बाद 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और प्रभावितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। एनडीआरएफ, अग्निशमन दल और ओसीडब्ल्यू के कर्मियों ने सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्थिति पर काबू पा लिया।

नागपुर में रविवार देर रात एक जल शोधन संयंत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) ने बताया कि गोदहनी गांव स्थित जल शोधन संयंत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे 900 किलोग्राम क्षमता वाले क्लोरीन गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ जिसके बाद कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

महानगरपालिका के अनुसार, गैस आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गई जिससे लोग घबरा गए तथा कई लोगों को खांसी की दिक्कत हुई और सांस लेने में परेशानी हुई। मानकापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने 200 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और इलाके की घेराबंदी कर दी। एनएमसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया और कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया।

नगर निकाय के अग्निशमन कर्मी रिसाव की सूचना मिलने पर पानी के दो टैंकर और श्वसन उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे। नागपुर में पेयजल आपूर्ति करने वाली ऑरेंज सिटी वाटर प्राइवेट लिमिटेड (ओसीडब्ल्यू) के कर्मचारियों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया। नगर निकाय ने बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे रिसाव बंद किए जाने के बाद एनडीआरएफ की टीम, अग्निशमन कर्मियों और ओसीडब्ल्यू के कर्मचारियों ने क्लोरीन सिलेंडर को कास्टिक सोडा मिले पानी के एक टैंक में डाल दिया।

एक अधिकारी ने कहा कि कई लोग खुद अस्पताल पहुंचे, जबकि कई अन्य लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़