Revanth Reddy को मिलेगा आर्यदान मोहम्मद-2026 बेस्ट पब्लिक सर्वेंट अवॉर्ड

केरलम के आर्यदान मोहम्मद फाउंडेशन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को उत्कृष्ट जनसेवा के लिए सम्मानित करने का फैसला किया है। उन्हें यह पुरस्कार किसानों और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के चलते दिया जा रहा है। 25 सितंबर को नीलांबुर में आयोजित समारोह में उन्हें एक लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया जाएगा।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को केरलम के आर्यदान मोहम्मद फाउंडेशन द्वारा प्रदान किए जाने वाले ‘आर्यदान मोहम्मद-2026 बेस्ट पब्लिक सर्वेंट अवॉर्ड’ के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि यह फाउंडेशन दक्षिणी राज्य केरलम के दिग्गज कांग्रेस नेता दिवंगत आर्यदान मोहम्मद की स्मृति में पुरस्कार प्रदान करता है। फाउंडेशन के कार्यकारी चेयरमैन एवं नीलांबुर से विधायक आर्यदान शौकत ने कहा कि रेवंत रेड्डी को तेलंगाना में किसानों, पिछड़े वर्गों और अन्य समुदायों के कल्याण के लिए उनके दूरदर्शी नेतृत्व और लागू की गई नवोन्मेषी योजनाओं के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।
आर्यदान मोहम्मद की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर फाउंडेशन 25 सितंबर को शाम चार बजे केरलम के नीलांबुर में आयोजित एक समारोह में रेवंत रेड्डी को यह पुरस्कार प्रदान करेगा। पुरस्कार के तहत रेवंत रेड्डी को एक लाख रुपये का नकद इनाम, एक प्रशस्ति पत्र और एक स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। समारोह के दौरान कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ‘आर्यदान मोहम्मद स्मृति व्याख्यान’ देंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आर्यदान मोहम्मद आठ बार विधायक चुने गए और उन्होंने कई वर्षों तक मंत्री के रूप में कार्य किया।
अन्य न्यूज़













