भारत को Defense Superpower बनाने के लिए Telangana को रक्षा उद्योग का बड़ा केंद्र बनाना लक्ष्य: Revanth Reddy

हैदराबाद में आयोजित रक्षा एक्सपो के पूर्वावलोकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत को रक्षा प्रौद्योगिकी और हथियारों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनकर एक प्रमुख निर्यातक बनना होगा। इस मौके पर भारत फोर्ज के अध्यक्ष बाबा कल्याणी ने भी राज्य में बड़े निवेश की योजना साझा की।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि उनका सपना भारत को ‘‘रक्षा महाशक्ति’’ के रूप में उभरते देखना है और उनकी सरकार का लक्ष्य राज्य को देश के रक्षा उद्योग के लिए सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनाना है। दिसंबर में राज्य सरकार के ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट’ के तहत आयोजित होने वाले ‘रक्षा एक्सपो’ के पूर्वावलोकन कार्यक्रम में रेड्डी ने उद्योगपतियों को राज्य के रक्षा क्षेत्र में निवेश का न्योता दिया। उन्होंने शनिवार को कहा, ‘‘मेरा सपना भारत को एक रक्षा महाशक्ति के रूप में देखना है।
भारत को रक्षा प्रौद्योगिकी और हथियारों के मामले में निर्भरता से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बनना होगा। आत्मनिर्भर बनने के बाद, हमें एक प्रमुख रक्षा निर्यातक में बनना होना होगा।’’ उन्होंने कहा कि हथियार न केवल युद्ध के लिए, बल्कि शांति के लिए भी आवश्यक हैं क्योंकि युद्ध को टालने के लिए प्रतिरोध का सहारा लिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना इस दृष्टिकोण के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहा है।
लेकिन हमें और अधिक योगदान देना होगा तथा बहुत कुछ हासिल करना होगा। तेलंगाना का लक्ष्य भारत के रक्षा उद्योग के लिए सबसे बड़ा क्षेत्र बनना है।’’ ‘भारत फोर्ज’ के अध्यक्ष बाबा कल्याणी ने इस अवसर पर कहा कि हैदराबाद में उनका एक संयंत्र है जो पिछले 12-14 वर्षों से मिसाइलें बना रहा है तथा अब वे तेलंगाना में और बड़े निवेश की योजना बना रहे हैं। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, अधिकारी और उद्योगपति शामिल हुए।
अन्य न्यूज़













