Tamil Nadu के सथानकुलम में घर में घुसकर महिला की हत्या, दो बेटियां अगवा करने वाला युवक अरेस्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के सथानकुलम के पास आधी रात को एक हथियारबंद युवक ने घर में सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और उसके पति तथा 12 वर्षीय रिश्तेदार को घायल कर दो लड़कियों को अगवा कर लिया था। पुलिस ने आरोपी ज्ञानप्रकाश को गिरफ्तार कर दोनों किशोरियों को सकुशल मुक्त करा लिया है।

तमिलनाडु के सथानकुलम के पास घर में घुसकर एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने, उसके पति और 12 वर्षीय रिश्तेदार को गंभीर रूप से घायल करने तथा दो किशोरियों को अगवा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार आधी रात के आसपास एक हथियारबंद व्यक्ति उस घर में घुसा, जहां दंपति और उनकी दो किशोर बेटियां तथा एक लड़का सो रहा था।

आरोपी ने दरांती से महिला, उसके पति और लड़के पर हमला किया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लड़के की कुछ उंगलियां कट गईं। पुलिस के अनुसार, हमले के बाद आरोपी दोनों लड़कियों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया।

परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पति तथा लड़के को तिरुनेलवेली के सरकारी अस्पताल ले गए। दोनों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान आनंदपुरम निवासी ज्ञानप्रकाश (23) के रूप में की है।

पुलिस की एक टीम ने उसके घर पर छापा मारा और दोनों लड़कियों को मुक्त करा लिया। पास के जंगल में छिपे ज्ञानप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने दोनों सगी बहनों में से बड़ी बहन से उस समय दोस्ती की थी, जब वह स्कूल में पढ़ती थी।

उसने लड़की को एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया था। लड़की के माता-पिता को दोनों के बीच कई घंटे तक फोन पर बातचीत होने से संदेह हुआ। उन्होंने लड़की को फटकार लगाई, उसका फोन ले लिया और आरोपी से आगे किसी तरह का संपर्क नहीं रखने को कहा।

पुलिस ने बताया कि हमले का संबंध इस घटना से था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़