4 September History: 73 साल बाद सामने आई थी डूबे हुए Titanic की पहली तस्वीर

4 September History: 73 साल बाद सामने आई थी डूबे हुए Titanic की पहली तस्वीर
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

वर्ष 1912 में अपनी पहली यात्रा के दौरान हिमशिला से टकराकर डूबे विश्व के सबसे बड़े यात्री जहाज टाइटैनिक की पहली तस्वीरें 4 सितंबर 1985 को दुनिया के सामने आई थीं। इसके अलावा 1825 में प्रमुख राजनीतिज्ञ दादा भाई नौरोजी का जन्म हुआ और 1946 में भारत में अंतरिम सरकार का गठन हुआ।

नयी दिल्ली, चार सितंबर दुनिया का सबसे बड़ा, वाष्प इंजन चालित यात्री जहाज टाइटैनिक, इंग्लैंड के साउथहैंप्टन से अपनी प्रथम यात्रा पर, 10 अप्रैल 1912 को रवाना हुआ लेकिन कभी अपनी मंजिल पर नहीं पहुंचा। समुद्र में डूबे इस जहाज की पहली तस्वीरें इसके डूबने के 73 वर्ष बाद चार सितंबर 1985 को पहली बार सामने आईं। दुनिया का सबसे सुरक्षित और कभी न डूबने वाला बताया गया यह जहाज चार दिन की यात्रा के बाद, 14 अप्रैल 1912 को एक हिमशिला से टकरा कर डूब गया था।

इतिहास की शांतिकाल की सबसे बड़ी समुद्री आपदाओं में से एक इस घटना में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। देश-दुनिया के इतिहास में चार सितंबर की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1665 : मुगलों और छत्रपति शिवाजी महाराज के बीच पुरंधर की संधि पर हस्ताक्षर। 1825 : प्रमुख राजनीतिज्ञ दादा भाई नौरोजी का जन्म।

1888 : महात्मा गांधी ने इंग्लैंड के लिए समुद्री यात्रा शुरु की। 1944 : द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सैनिकों ने बेल्जियम के एंटवर्प शहर में प्रवेश किया। 1946 : भारत में अंतरिम सरकार का गठन।

1967 : महाराष्ट्र का कोयना बांध भूकंप की चपेट में आकर ध्वस्त, 200 से ज्यादा लोगों की मौत। 1985 : 73 वर्ष पहले समुद्र में डूबे जहाज टाइटैनिक की तस्वीरें सामने आईं। 1999 : ईस्ट तिमोर में सम्पन्न जनमत संग्रह में 78.5 प्रतिशत जनता ने इंडोनेशिया से स्वतंत्रता के पक्ष में अपना मत प्रकट किया।

2000 : श्रीलंका के जाफना की बाहरी सीमाओं पर श्रीलंका सेना तथा मुक्ति चीतों के बीच संघर्ष में 316 लोग मारे गये। 2009 : गुजरात उच्च न्यायालय ने जसवंत सिंह की मोहम्मद अली जिन्ना पर लिखी किताब पर गुजरात में लगा प्रतिबंध हटाया। 2020 : नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के तीन सदस्यों ने भारत-चीन सीमा पर नेलांग घाटी में छह दिनों के अंतराल में ‘इनरलाइन’ क्षेत्र में तीन चोटियों का आरोहण कर एक उपलब्धि हासिल की।

2022 : टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर में एक कार दुर्घटना में मौत। 2024 : जॉर्जिया के हाई स्कूल में गोलीबारी में चार लोगों की मौत, कई घायल। 2025 : फैशन डिजाइनर जियोर्जियो अरमानी का 91 वर्ष की आयु में निधन।

2025 : भारत के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़