Sainik School Gorakhpur के 460 छात्रों ने पूरा किया Scuba Diving का प्रशिक्षण

Sainik School Gorakhpur के 460 छात्रों ने पूरा किया Scuba Diving का प्रशिक्षण
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

सैनिक स्कूल गोरखपुर के 460 छात्र-छात्राओं ने सीमित जल क्षेत्र में स्कूबा डाइविंग का फाउंडेशन कोर्स सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ यह देश का पहला ऐसा सह-शिक्षा विद्यालय बन गया है जहां सभी विद्यार्थियों ने यह प्रशिक्षण हासिल किया। अब 30 चुनिंदा छात्रों की टीम लक्षद्वीप में आगामी समुद्री अभियान के लिए उन्नत स्तर की तैयारी कर रही है।

गोरखपुर (उप्र), नौ सितम्बर सैनिक स्कूल गोरखपुर भारत का ऐसा पहला सह-शिक्षा विद्यालय बन गया है, जहां सभी विद्यार्थियों ने सीमित जल क्षेत्र में ‘स्कूबा डाइविंग’ का ‘फाउंडेशन कोर्स’ सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। स्कूल प्रशासन ने बुधवार को यह जानकारी दी। स्कूल द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक 460 छात्रों ने सितंबर 2026 में स्कूबा डाइविंग’ (सेल्फ कंटेंड अंडरवाटर ब्रीदिंग अपरेटस) प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया और सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूरा किया।

बयान के अनुसार इन छात्रों में 11 से 17 वर्ष की उम्र के बीच की 110 लड़कियां और 350 लड़के शामिल थे। बयान के अनुसार यह प्रशिक्षण ‘स्कूबा डाइविंग फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ के तत्वावधान में प्रसिद्ध स्कूबा गोताखोर अर्चना सरदाना द्वारा आयोजित किया गया था। स्कूल के प्राचार्य कर्नल डी एस चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि अनुभवात्मक शिक्षा और साहसिक शिक्षा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

उन्होंने कहा कि 30 छात्रों की एक चयनित टीम, जिसमें 10 लड़कियां और 20 लड़के शामिल हैं, वर्तमान में लक्षद्वीप के आगामी समुद्री अभियान की तैयारी के लिए उन्नत तैराकी और स्कूबा-डाइविंग प्रशिक्षण ले रही है। चौहान के अनुसार, लक्षद्वीप अभियान छात्रों को समुद्री वातावरण के लिए मूल्यवान अनुभव प्राप्त करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त ‘स्कूबा-डाइविंग’ प्रमाणपत्र अर्जित करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्रों के बीच नेतृत्व, लचीलापन और टीम भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें पानी के नीचे की खोज और महासागर संरक्षण से परिचित कराने के लिए तैयार की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़