भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर का आरोप: कांग्रेस और माकपा की राजनीति से केरल के विकास में आ रही बाधा

Prabhasakshi Image

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस और माकपा पर केंद्र की विकास योजनाओं को बाधित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने के कारण रेलवे और आवास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देरी हो रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर विकास-विरोधी और जन-विरोधी राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा नेता ने दावा किया कि इन दोनों दलों की वजह से केरल के लोगों को केंद्र सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पूर्व टिप्पणियों का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और माकपा मिलकर केरल की प्रगति के रास्ते में रोड़ा अटका रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रेल मंत्री वैष्णव ने भी इस साल मार्च में आरोप लगाया था कि वामपंथी दल और कांग्रेस केरल में रेलवे के विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ने दे रहे हैं।

भाजपा नेता ने विशेष रूप से कासरगोड और तिरुवनंतपुरम के बीच यात्रा का समय घटाकर चार घंटे करने के प्रस्ताव का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की जमीन अधिग्रहण में रुचि न होने के कारण केंद्र के इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव में देरी हो रही है। चंद्रशेखर के अनुसार, राज्य सरकार विकास से अधिक अपने राजनीतिक हितों को महत्व दे रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी तरह के रवैये के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लागू करने में रुकावटें आई हैं। चंद्रशेखर ने जोर देकर कहा कि केरल को अब कृत्रिम रूप से पैदा किए गए विवादों के बजाय असली विकास और काम की राजनीति की जरूरत है, ताकि विकसित केरल का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

All the updates here:

अन्य न्यूज़