सभी मंत्रियों और विधायकों के साथ कल Akal Takht के सामने पेश होंगे CM Bhagwant Mann, बोले- जो फैसला आएगा, सिर झुकाकर मानेंगे

CM Bhagwant Mann
ANI
एकता । Jun 28 2026 4:52PM

श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब किए जाने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि सभी 'आप' विधायक और मंत्री 29 जून को सामूहिक रूप से पेश होंगे। सीएम मान ने अकाल तख्त की सर्वोच्चता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जो भी फैसला आएगा, उसे सरकार और पार्टी सिर झुकाकर स्वीकार करेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। सीएम मान ने कहा है कि 29 जून को पंजाब सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के सभी विधायक अमृतसर स्थित सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था 'श्री अकाल तख्त साहिब' के सामने पेश होंगे। दरअसल, श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से 'आप' के मंत्रियों और विधायकों को कुछ वैचारिक मुद्दों पर अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया गया था (बुलाया गया था), जिसके बाद पार्टी ने यह कलेक्टिव डिसीजन लिया है।

सीएम मान ने कहा, अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता सबसे महान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का दिल से आदर करती है। उन्होंने कहा, "श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से हमारे विधायकों और मंत्रियों को कुछ विचारों के लिए, अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। हमारे सभी विधायक और मंत्री तय समय पर वहां जाएंगे। हम अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता को सबसे महान मानते हैं।"

सीएम ने अपनी एक पुरानी बात याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें भी जब पहले बुलाया गया था, तो वे राष्ट्रपति जी का प्रोग्राम बीच में छोड़कर अकाल तख्त साहिब पर नतमस्तक होने पहुंचे थे। मान ने आगे कहा कि जो भी निर्देश या फैसला अकाल तख्त साहिब की तरफ से आएगा, उसे पूरी श्रद्धा, मर्यादा और सम्मान के साथ माना जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Delhi Weather Update: 51 डिग्री पहुंचा Heat Index, मौसम विभाग की चेतावनी- अभी और सताएगी उमस

लिखित में देंगे जवाब, स्पीकर भी रहेंगे साथ

मुख्यमंत्री ने बताया कि अकाल तख्त साहिब की तरफ से कुछ मंत्रियों से खास विषयों पर लिखित में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। ऐसे में सभी संबंधित मंत्री पूरी तैयारी के साथ अपना जवाब लिखित रूप में वहां सौंपेंगे। सोमवार को होने वाली इस पेशी के दौरान पंजाब के सभी 'आप' विधायक, कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां भी वहां मौजूद रहेंगे।

मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया कि फिलहाल उन्हें पर्सनल लेवल पर अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब नहीं किया गया है। चूंकि यह बुलावा पार्टी के दूसरे मंत्रियों और विधायकों के लिए है, इसलिए वे सभी वहां जाकर सरकार और पार्टी का पक्ष पूरी मजबूती व विनम्रता से रखेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़