Ram Mandir की व्यवस्था संभालते ही CEO Jitendra Mishra का बड़ा बयान, राम भक्तों से मांगा समय और आशीर्वाद

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ बनने के बाद सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने व्यवस्थाओं को समझने और नई रणनीति लागू करने के लिए राम भक्तों से समय और आशीर्वाद मांगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी योजनाओं के नतीजे जल्द ही जमीन पर दिखेंगे। ट्रस्ट प्रबंधन में यह बड़ा बदलाव कथित दान चोरी मामले के बाद हुआ है।
राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO बनने के बाद एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को राम भक्तों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को समझने और नई रणनीति को लागू करने के लिए उन्हें थोड़ा समय दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनकी योजनाओं के नतीजे जमीन पर दिखाई देने लगेंगे।
राम भक्तों से मांगा विश्वास और आशीर्वाद
ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक के बाद जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि राम भक्तों का विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि भक्तों का आशीर्वाद आगे भी उनके साथ बना रहे। उन्होंने कहा कि राम भक्तों के विश्वास के साथ वह ट्रस्ट की जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से कुछ समय देने की अपील की, ताकि व्यवस्थाओं में किए जाने वाले बदलावों को सही तरीके से लागू किया जा सके।
बोले- अभी ट्रस्ट की व्यवस्था समझ रहा हूं
जितेंद्र मिश्रा को बुधवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया था। पद संभालने के बाद उन्होंने कहा कि फिलहाल वह ट्रस्ट की पूरी व्यवस्था और कामकाज को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के सदस्यों से मुलाकात और राम मंदिर के दौरे के बाद उन्होंने अपनी योजनाओं को लागू करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर अयोध्या के सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति के पीछे छिपे महत्वपूर्ण प्रशासनिक व सियासी संदेश को समझिए
कुछ ही दिनों में दिखेंगे परिणाम
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि उनकी रणनीति के परिणाम आने वाले कुछ दिनों में दिखाई देने लगेंगे। बैठक के बारे में उन्होंने बताया कि इसमें अलग-अलग हितधारकों के साथ मिलकर काम करने और ट्रस्ट के काम को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाना और ट्रस्ट की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
भगवान राम का जताया आभार
राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर जितेंद्र मिश्रा ने भगवान श्री राम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर अपनी कृपा की है और इससे बड़ी उपलब्धि उनके लिए और क्या हो सकती है।
अयोध्या में हुई ट्रस्ट की बैठक
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक अयोध्या स्थित वैदेही भवन में हुई। इसमें ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि समेत कई सदस्य शामिल हुए। कुछ सदस्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।
राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन में बड़ा बदलाव
बता दें कि बुधवार को राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए थे। एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया। वहीं गोविंद देव गिरि को नया महासचिव और दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अयोध्या के मदन मोहन पांडे, शिकोहाबाद की डॉ. निर्मला यादव और महेश भागचंदका को नए ट्रस्टी के तौर पर शामिल किया गया। डॉ. निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य हैं।
इसे भी पढ़ें: Ram Mandir Trust के नए CEO की नियुक्ति पर Akhilesh Yadav ने खड़े किए सवाल5,585 आवेदनों में से हुआ चयन
जितेंद्र मिश्रा उन तीन उम्मीदवारों में शामिल थे, जिन्हें CEO पद के लिए चयन समिति ने चुना था। समिति ने इस पद के लिए मिले 5,585 आवेदनों की जांच के बाद उम्मीदवारों का चयन किया था। जितेंद्र मिश्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व कर चुके हैं।
दान चोरी के मामले के बाद हुआ बदलाव
राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी के मामले के सामने आने के बाद ट्रस्ट के प्रबंधन में बदलाव किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले के बाद ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा समेत कुछ प्रमुख पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया था। वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था। कथित दान चोरी के मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है और वे फिलहाल जेल में हैं।
अन्य न्यूज़















