Gaza में सुरक्षाबल तैनाती पर Uganda और Burundi के सैन्य अफसरों ने Israel दौरा किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 'बोर्ड ऑफ पीस' परिकल्पना के तहत गाजा में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल तैनाती पर चर्चा के लिए युगांडा और बुरुंडी के सैन्य अधिकारियों ने पिछले सप्ताह इजराइल की यात्रा की। युगांडा की संसद इस माह सैनिक भेजने को मंजूरी दे चुकी है, जबकि बुरुंडी ने भी इस मिशन में गहरी रुचि दिखाई है। हालांकि दोनों देशों द्वारा भेजे जाने वाले सैनिकों की संख्या और शर्तों पर अभी अंतिम निर्णय बाकी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की परिकल्पना के तहत गाजा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल की तैनाती के मुद्दे पर चर्चा के लिए युगांडा और बुरुंडी के सैन्य अधिकारियों ने पिछले सप्ताह इजराइल का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के एक अधिकारी ने बताया कि युगांडा के अधिकारी बुरुंडी के सैन्य प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
युगांडा की संसद द्वारा सैनिक भेजने की इस माह मंजूरी दिए जाने के बाद अब वह अपनी भागीदारी की तैयारी को अंतिम रूप दे रहा है। अधिकारी ने कहा कि बुरुंडी की भागीदारी को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, हालांकि वह इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए इच्छुक है। नाम न उजागर करने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने एक-दूसरे के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और बुरुंडी के प्रतिनिधियों ने हमारे मिशन में रुचि दिखाई।’’ बुरुंडी के एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सेना के तीन अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उन्होंने इजराइल का दौरा किया।
उन्होंने कहा कि बुरुंडी इस अंतरराष्ट्रीय बल में शामिल होना चाहता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युगांडा और बुरुंडी कितने सैनिक भेजेंगे या इसके बदले दोनों देशों को क्या मिलेगा। दोनों देशों के सैन्य प्रवक्ताओं से इस मामले पर संपर्क किया गया लेकिन उनकी ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अन्य न्यूज़













