Mann Ki Baat दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम, नितिन नवीन ने रांची में की पीएम मोदी की तारीफ

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को रांची में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि यह प्रसारण देश भर में जमीनी स्तर पर हो रहे सामाजिक कार्यों और पर्यावरण संरक्षण को प्रभावी मंच दे रहा है। इसके बाद उन्होंने लखपति दीदी योजना की महिला लाभार्थियों से भी संवाद किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम बन गया है और इसके जरिए जमीनी स्तर पर लोगों द्वारा की जा रही पहल को सामने लाया जा रहा है। नवीन ने रांची के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा में भाजपा की झारखंड इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ की ताजा कड़ी सुनने के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम दुनिया का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम बन गया है।
पिछले 12 वर्ष से वह (मोदी) देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और नवोन्मेषों को सामने लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रहे हैं।’’ नवीन ने कहा कि इस कार्यक्रम ने लोगों को नदियों के संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने एक ऐसे प्रधानमंत्री को देखा है, जो देश के नागरिकों से सीधे संवाद करते हैं।
यह उनके 25 वर्ष के सेवाकाल और पूरी निष्ठा से किए गए कार्यों को दर्शाता है। यही कारण है कि इतने वर्ष बाद भी लोगों में इस कार्यक्रम के प्रति उतना ही लगाव और रुचि बनी हुई है।’’ नवीन ने कहा कि मोदी ‘मन की बात’ के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के संघर्षों के साथ ही वे इन चुनौतियों से किस तरह पार पा रहे हैं, उसकी कहानियों को भी सामने लाते हैं। बाद में नवीन ने ‘लखपति दीदी’ योजना की लाभार्थियों से बातचीत की और कहा कि प्रधानमंत्री अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘‘पूरी तत्परता से’’ काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब तक तीन करोड़ बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अभी कई अन्य महिलाओं को इसका लाभ मिलना बाकी है।’’ नवीन ने कहा कि जब एक महिला सशक्त होती है तो वह केवल एक नहीं, बल्कि दो परिवारों को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बस यही चाहते हैं कि हमारी बेटियों को शिक्षा मिले और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।’’ नवीन ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सुकुरहुटू में एक पौधा भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के प्रयासों से यह अभियान एक जन आंदोलन और जनभागीदारी का प्रतीक बन गया है।’’ नवीन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों से भावी पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य बनाने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत कई नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नवीन राज्य से रवाना हो गए। नवीन झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को रांची पहुंचे थे।
उन्होंने शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया तथा जिलाध्यक्षों और संगठन प्रभारियों के साथ चर्चा की। पार्टी के नए पदाधिकारियों और संगठन प्रभारियों की नियुक्ति के बाद नवीन ने पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का यह झारखंड का दूसरा दौरा था।
इससे पहले उन्होंने जून में राज्य का दौरा किया था।
अन्य न्यूज़













