Delhi Police की महिला सिपाही से 24 लाख रुपये की ठगी, आरोपी विक्रांत तोमर बागपत से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 26 वर्षीय विक्रांत तोमर को राष्ट्रीय राजधानी में एक महिला कॉन्स्टेबल से भारी मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने के आरोप में पकड़ा गया है। पीड़िता ने आरोपी पर सोशल मीडिया के जरिए नजदीकी बढ़ाकर सट्टेबाजी और फर्जी निवेश में पैसे लगवाने के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया है।
दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद निवेश के जरिये अच्छे मुनाफे का लालच देकर 24 लाख रुपये की ठगी के आरोप में 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह आरोप भी लगाया है कि आमने-सामने हुई मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसका शीलभंग करने के इरादे से उसकी कमर को अनुचित तरीके से छुआ था।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर आठ सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में उसने कहा कि विक्रांत ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर उससे संपर्क किया था और दावा किया था कि वह खेल कोटे के तहत दिल्ली पुलिस में भर्ती के संबंध में मार्गदर्शन चाहता है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाद में दोनों के बीच बातचीत एक ‘मैसेजिंग ऐप’ पर होने लगी, जहां आरोपी ने महिला कॉन्स्टेबल से जान-पहचान बढ़ाई और खुद को एक पेशेवर क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद उसने महिला को भारी मुनाफे का झांसा देकर पैसे निवेश करने के लिए राजी कर लिया। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी के आश्वासनों पर भरोसा करते हुए अपनी जमा पूंजी उसके बताए अनुसार कई बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी।
इसके अलावा, उसने 12 लाख रुपये का ‘पर्सनल लोन’ लिया तथा अपने परिचितों से भी पैसे उधार लेकर आरोपी को भेजे। इस तरह उसके साथ कुल करीब 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने बताया कि कुल रकम में से लगभग आठ लाख रुपये आरोपी के निर्देश पर सट्टेबाजी के एक मंच से जुड़े बैंक खातों में स्थानांतरित गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या वह अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बना चुका है।
अन्य न्यूज़













