महाराष्ट्र के Shabari Naturals को पैकेजिंग के लिए मिला Global Design Award

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आदिवासी उत्पादों को बढ़ावा देने वाले महाराष्ट्र सरकार के उद्यम शबरी नेचुरल्स ने अपनी पारंपरिक कला आधारित पैकेजिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय जी-मार्क पुरस्कार जीता है। चार नवंबर को टोक्यो में आयोजित समारोह में यह सम्मान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी 'मन की बात' कार्यक्रम में इस पहल की प्रशंसा की है।

आदिवासी समुदायों और वनोपज संग्राहकों से जुड़े उत्पादों को बढ़ावा देने वाली महाराष्ट्र सरकार की पहल शबरी नेचुरल्स ने अपनी आकर्षक पैकेजिंग के लिए प्रतिष्ठित जी-मार्क - ग्लोबल डिजाइन अवार्ड जीता है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस पैकेजिंग का डिजाइन पारंपरिक कला रूपों से प्रेरित है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में नासिक स्थित ‘शबरी आदिवासी वित्त एवं विकास निगम’ (एसटीएफडीसी) द्वारा संचालित सामाजिक उद्यम को मिले वैश्विक सम्मान का उल्लेख किया और इस पहल को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि ब्रांड की पैकेजिंग में वारली, गोंड और चित्रकथी कला के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति की विभिन्न लोककथाओं को शामिल किया गया है। इस डिजाइन ने उत्पादों को बेहतरीन और आकर्षक रूप दिया है तथा जनजातीय जीवन की समृद्धि एवं टिकाऊ जीवनशैली को दुनिया भर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह पुरस्कार डिजाइन के क्षेत्र में सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है और इसे चार नवंबर को टोक्यो में ‘जापान इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन प्रमोशन’ द्वारा प्रदान किया जाएगा। एसटीएफडीसी की प्रबंध निदेशक लीना बनसोड राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त करेंगी। ‘शबरी नेचुरल्स’ जनजातीय समुदायों के प्राकृतिक उत्पादों के विपणन के जरिए उन्हें सशक्त बनाने का काम करता है।

इसके तहत प्राकृतिक शहद, बिना ‘पॉलिश’ किए गए चावल, दालें, मोटे अनाज और मसालों जैसे जैविक खाद्य पदार्थों के साथ-साथ हस्तनिर्मित पारंपरिक कलाकृतियों की बिक्री की जाती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़