कर्नाटक BJP अध्यक्ष विजयेंद्र का आरोप: आशा कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर पार्टी हित में सरकारी धन बहा रही सरकार

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने शिवमोगा में आरोप लगाया कि राज्य सरकार आशा कार्यकर्ताओं के लिए सालाना 350 करोड़ रुपये देने में असमर्थता जता रही है, जबकि राजनीतिक नियुक्तियों और समितियों पर फिजूलखर्ची जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि गंभीर वित्तीय संकट और सूखे के बीच कांग्रेस सरकार प्रचार और नवीनीकरण पर करोड़ों रुपये बर्बाद कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने रविवार को मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पर राजनीतिक नियुक्तियों और समितियों पर करदाताओं के पैसे का ‘‘दुरुपयोग’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार वित्तीय संकट का हवाला देकर आशा कार्यकर्ताओं के लिए सालाना 350 करोड़ रुपये का आवंटन करने से इनकार कर रही है। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि वित्तीय संकट और सूखे की गंभीर स्थिति के बावजूद कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने और पार्टी कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए फिजूलखर्ची कर रही है और जनता का पैसा बर्बाद कर रही है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्या आशा कार्यकर्ताओं के लिए हर साल 350 करोड़ रुपये अलग रखना आपके लिए इतना बड़ा बोझ है?’’ उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यान्वयन समितियों के लिए कैबिनेट रैंक के अध्यक्षों की नियुक्ति सुनिश्चित करने और भारत जोड़ो कार्यान्वयन समिति के लिए 35 करोड़ रुपये अलग रखने के वास्ते सरकार की आलोचना की। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि इन समितियों और नियुक्तियों का इस्तेमाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है, जबकि सरकार विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए अनुदान जारी करने और सूखे से प्रभावित किसानों को पर्याप्त राहत देने में विफल रही है। सरकार की वित्तीय प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए विजयेंद्र ने कहा कि शिवकुमार ने दक्षिण कन्नड़ के लिए 32,000 करोड़ रुपये के पैकेज, ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण के चुनाव से पहले बेंगलुरु के लिए हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं और सड़कों के विकास के लिए 16,000 करोड़ रुपये की घोषणा की है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘मुख्यमंत्री, पैसा कहां है? आप इसकी व्यवस्था कहां से करेंगे? आप कहते हैं कि आपकी सरकार के पास आशा कार्यकर्ताओं को 350 करोड़ रुपये देने की वित्तीय क्षमता नहीं है।
फिर आप 16,000 करोड़ रुपये कहां से जुटाएंगे?’’ उन्होंने मुख्यमंत्री के आवास के नवीनीकरण पर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य में गंभीर सूखे और वित्तीय संकट के बीच ऐसा करना उचित नहीं है। बेंगलुरु में आशा कार्यकर्ताओं के जारी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात के दौरान राज्य की खराब वित्तीय स्थिति का हवाला दिया था, लेकिन बाद में हिरियूर दौरे के दौरान खुद को उनका भाई बताया।
उन्होंने पूछा, मुख्यमंत्री, कृपया यह पाखंड बंद करें। यदि आप वास्तव में आशा कार्यकर्ताओं के बड़े भाई होते, तो क्या आप कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए कल्याण केंद्र खोलते, उन्हें कैबिनेट का दर्जा देते और करोड़ों रुपये बर्बाद करते? हिरियूर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बारे में विजयेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) आपसी सहमति से संयुक्त उम्मीदवार उतारेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने केंद्रीय मंत्री और जद(एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच. डी. कुमारस्वामी के साथ-साथ अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात की है। दोनों दल आपसी सहमति से एक संयुक्त उम्मीदवार उतारेंगे।’’ विजयेंद्र ने कहा कि गठबंधन चुनाव के लिए उचित रणनीति तैयार करेगा। निर्वाचन आयोग की ओर से हिरियूर सीट पर उपचुनाव की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।
कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री डी सुधाकर के निधन के कारण यह सीट खाली हुई है।
अन्य न्यूज़













