Gurugram में 30 हजार रुपये घूस लेते Additional SHO को ACB ने रंगे हाथ दबोचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में तैनात अतिरिक्त एसएचओ नरपाल सिंह को रविवार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उप-निरीक्षक ने एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज शिकायत के निपटारे और केस न बनाने के लिए घूस मांगी थी। ब्यूरो ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में अतिरिक्त एसएचओ के पद पर तैनात एक उप-निरीक्षक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को यह जानकारी दी। आरोपी नरपाल सिंह ने एक शिकायत का निपटारा करने और एक व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने के बदले उससे रिश्वत मांगी थी।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में बात तय हुई। अधिकारी ने बताया कि रविवार को आरोपी को पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये लेते हुए एसीबी की टीम ने पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम की एमर पाम हिल्स सोसायटी में किराये पर रहता है।

भूपेंद्र नामक एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नरपाल सिंह ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न करने और शिकायत का निपटारा करने के बदले दो लाख रुपये मांगे थे। रिश्वत की मांग से परेशान होकर उसने एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत की जांच करने के बाद एसीबी की गुरुग्राम इकाई ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इस कार्रवाई के तहत शिकायतकर्ता को रविवार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये देने के लिए कहा गया, जैसे ही नरपाल सिंह ने पैसे लिए, एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान डीएचबीवीएन में एसडीओ धर्मेंद्र कुमार राजपत्रित अधिकारी के रूप में मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई। एसीबी गुरुग्राम इकाई के प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह ने बताया कि आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़