गैंगस्टर Himanshu Bhau के प्रत्यर्पण के लिए Haryana Police और CBI ने तेज की प्रक्रिया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिका में हिरासत में लिए गए वांछित गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को भारत लाने के लिए जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर भागे इस अपराधी पर हत्या और रंगदारी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। हरियाणा पुलिस की एसटीएफ इस सिलसिले में इंटरपोल की नोडल एजेंसी सीबीआई से निरंतर समन्वय बनाए हुए है।

हरियाणा पुलिस भगोड़े गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के प्रत्यर्पण की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के साथ मिलकर काम कर रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार हिमांशु भाऊ को अमेरिका के अधिकारियों ने हिरासत में लिया है और वह फिलहाल अमेरिका आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आइसीई) की गिरफ्त में है।

उन्होंने बताया कि भारत में हत्या और रंगदारी के कई मामलों में वांछित भाऊ को शुरुआत में तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। हरियाणा पुलिस ने अमेरिका को सूचित किया था कि वह पासपोर्ट में फर्जी उपनाम का इस्तेमाल कर देश से भागा था। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) अमेरिका से उसके प्रत्यर्पण में तेजी लाने के लिए इंटरपोल की भारत में नोडल एजेंसी सीबीआई के साथ लगातार संपर्क में है।

अधिकारियों ने बताया कि भाऊ को 17 साल की उम्र में अपने एक विरोधी की कथित तौर पर हत्या के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया था लेकिन वह 2020 में हिसार के एक बाल सुधार गृह से फरार हो गया। इसके बाद से वह संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा और अब भाऊ सबसे वांछित अपराधियों में से एक है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि भाऊ शुरुआत में फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत से पुर्तगाल भागा था और तब से विदेशों में रहकर अपने आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा है।

उसके गिरोह के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विरोधी समूहों से हैं। यह गिरोह सितंबर में उस समय सुर्खियों में आया, जब उसने दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में जिम ट्रेनर और मालिक विजय कुमार की दिनदहाड़े हुई हत्या की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली। विजय कुमार को 14 सितंबर को झांसा देकर बाहर बुलाया गया और मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

इस गिरोह का नाम 2024 में राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हुई गोलीबारी से भी जुड़ा था, जिसमें 26 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी। भाऊ ने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया था कि युवक 2020 में उसके एक सहयोगी की हत्या में शामिल था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़