Indore में खुद को IAS बताकर 5 Star Hotel में पार्टी करने वाला आरोपी अरेस्ट

मध्यप्रदेश पुलिस ने खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर रौब झाड़ने और होटल का बिल न चुकाने के आरोप में गुजरात के हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक लक्जरी होटल में 16 लोगों को दावत देने के बाद निजी सहायक से भुगतान कराने की बात कही थी। पुलिस को उसके किराए के घर से फर्जी कलेक्टर की नेमप्लेट भी मिली है।
इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन सितंबर इंदौर में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने के आरोप में 28 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्तपिवार को यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पराग सैनी ने बताया कि आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल (28) के रूप में हुई है और वह गुजरात के अहमदाबाद शहर का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि पांचाल ने हाल ही में शहर के एक पांच सितारा होटल में 16 लोगों को पार्टी दी थी, लेकिन बिल भुगतान के वक्त उसने रौब झाड़ते हुए खुद को आईएएस अफसर बताया और होटल से निकल गया। सैनी के मुताबिक पांचाल ने होटल के कर्मचारियों से कहा कि उसका निजी सहायक (पीए) दो घंटे बाद बिल चुका देगा। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस लसूड़िया थाना क्षेत्र में पांचाल के किराये के मकान में पहुंची, तो उसके बाहर एक फर्जी नेमप्लेट लगी मिली जिस पर ‘आईएएस राज सोनी’ और ‘डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ लिखा पाया गया।
एसीपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ के दौरान पांचाल उसके आईएएस अधिकारी होने के बारे में कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (सरकारी अधिकारी का रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीपी ने बताया कि पांचाल के खिलाफ गुजरात में धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है और उसके खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़













