Delhi में अचानक बदला मौसम, घने बादल और तेज बारिश से मिली राहत; जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

Delhi Rain
ANI
एकता । Sep 4 2026 4:22PM

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर के लिए तेज हवाओं और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बारिश से क्षेत्र में तापमान गिरा है और वायु गुणवत्ता में भी काफी सुधार हुआ है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने 4 और 5 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि, बारिश के चलते ऑफिस टाइम के दौरान दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है। इससे कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ने की आशंका है।

दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 सितंबर को दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और शाम तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सुबह दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों पर तापमान में भी अंतर देखने को मिला। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री, लोधी रोड में 27.6 डिग्री, आया नगर में 27 डिग्री, पालम में 25.5 डिग्री और रिज में 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

5 सितंबर को भी बारिश और बादलों का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 6 सितंबर से मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिलेगा। 7 से 9 सितंबर के बीच तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें: CJP Protest Case In Delhi | पुलिस ने FIR में जोड़ा SC/ST एक्ट, इन्फ्लुएंसर Swantantra Bhardwaj की जल्द होगी गिरफ्तारी

बारिश से दिल्ली-एनसीआर की हवा भी हुई साफ

बारिश और तेज हवाओं का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। बारिश ने हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 74 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।

दिल्ली के आया नगर में AQI 49 और मथुरा रोड पर 47 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद के इंदिरापुरम में AQI 36 और नोएडा के सेक्टर-62 में 50 रहा। इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'अच्छी' श्रेणी में रही। हालांकि, कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर 'मध्यम' श्रेणी में रहा। अशोक विहार, बवाना, लोनी और नोएडा सेक्टर-125 में AQI 100 के आसपास या इससे थोड़ा ऊपर दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर बारिश और तेज हवाओं से दिल्ली-NCR के मौसम में ठंडक आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रहने से मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़