Delhi Metro की Airport Express Line पर दीवारों पर चिपके मिले पोस्टर, केस दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शिवाजी स्टेडियम स्टेशन की दीवारों पर पोस्टर चिपकाने और स्याही से लिखने की घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मेट्रो पुलिस दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण कानून के तहत जांच कर रही है। इससे पहले एक ट्रेन के अंदर भी आपत्तिजनक पर्चे मिले थे।

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर कथित रूप से पोस्टर चिपकाए जाने और काली स्याही से कुछ लिखे जाने की एक और घटना के बाद एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि यह घटना 24 अक्टूबर को हुई थी जब आपातकालीन गेट संख्या पांच के पास एक दीवार पर कथित रूप से पोस्टर चिपके हुए मिले थे, जबकि गेट संख्या सात के पास एक ‘शाफ्ट’ की दीवार पर काली स्याही से कुछ लिखा हुआ पाया गया था।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा मेट्रो पुलिस ने दिल्ली संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम और मेट्रो रेलवे अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। यह घटना एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की एक ट्रेन के भीतर केंद्र सरकार के पिछले कुछ वर्षों के प्रदर्शन पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर चिपके मिलने के कुछ दिन बाद हुई है।

पुलिस शिकायत के अनुसार, पिछली घटना 20 अक्टूबर को सामने आई थी, जब एक ट्रेन संचालक ने नयी दिल्ली से यशोभूमि स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन का निरीक्षण करते समय एक सीट पर पोस्टर देखे थे। ए4 आकार के कागज पर काले और सफेद रंग में छपे इन पोस्टर में विभिन्न मुद्दे उठाए गए थे और क्यूआर कोड के जरिए लोगों को एक ऑनलाइन समूह से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें से एक पर ‘असंतुष्ट हैं?

आप अकेले नहीं हैं’ शीर्षक था और उसमें हाल के वर्षों में देश में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे सूचीबद्ध थे। दूसरे पोस्टर में सामूहिक भागीदारी और समुदाय निर्माण का आह्वान किया गया था। पोस्टर हटाकर पुलिस को सौंप दिए गए थे।

इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस सूत्रों ने बताया था कि जांच में विशेष प्रकोष्ठ भी शामिल था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़