Jammu and Kashmir के दो दिवसीय दौरे पर भाजपा अध्यक्ष Nitin Naveen: संगठनात्मक मजबूती और 'युवा संवाद' पर रहेगा जोर

Nitin Naveen
ANI
रेनू तिवारी । Jul 6 2026 9:35AM

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे, जहां वह संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे और पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार (6 जुलाई) से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी के नेटवर्क को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों को धार देने के लिहाज से इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने इस प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें करेंगे। इसके साथ ही वह जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। भाजपा के मुताबिक, यह दौरा केंद्र शासित प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा।

इसे भी पढ़ें: खाड़ी देशों के दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर: कतर के पीएम से की मुलाकात, ऊर्जा- व्यापार और सुरक्षा सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा

 

नवीन जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। पार्टी ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन छह जुलाई से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे।’’ भाजपा ने कहा कि इस ‘‘महत्वपूर्ण दौरे’’ के दौरान भाजपा अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न ‘‘अहम’’ संगठनात्मक बैठकें करेंगे, ताकि ‘‘पूरे क्षेत्र में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत की जा सके’’। पार्टी ने कहा, ‘‘यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन क्षेत्रीय रणनीतियों की समीक्षा के साथ-साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लेंगे और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ एक महत्वपूर्ण ‘युवा संवाद’ सत्र का नेतृत्व करेंगे।’’ भाजपा ने बताया कि सोमवार को नवीन जनसंघ के संस्थापक की 125वीं जयंती के अवसर पर जम्मू में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इसे भी पढ़ें: Mumbai Heavy Rains | मुंबई और आस-पास के जिलों में भारी बारिश का तांडव! सोमवार को स्कूल-कॉलेज बंद, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं स्थगित

दोपहर में वह त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला महासचिवों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पार्टी ने कहा, ‘‘वह संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और जरूरी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।’’ शाम को नवीन भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के कोर समूह के साथ एक ‘‘उच्चस्तरीय बैठक’’ करेंगे। भाजपा के मुताबिक, मंगलवार को नवीन जम्मू के कैनाल रोड स्थित एक सम्मेलन केंद्र में विभिन्न ‘‘महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठकों’’ की अध्यक्षता करेंगे।

पार्टी ने कहा, ‘‘इसके बाद वह प्रदेश में भाजपा सांसदों, विधायकों और महासचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।’’ दोपहर में नवीन पूर्व विधायकों, पूर्व विधान परिषद सदस्यों, पूर्व जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्यों और पूर्व ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) अध्यक्षों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। भाजपा ने बताया कि इसके बाद भाजपा अध्यक्ष सम्मेलन केंद्र में ‘‘युवा संवाद’’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और ‘‘क्षेत्र के युवा नेतृत्व एवं युवा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे’’। पार्टी ने कहा, ‘‘शाम को वह जम्मू के केशव भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi  

All the updates here:

अन्य न्यूज़