Ballia में धार्मिक ध्वज जलाने के मामले में दो लोग हिरासत में, एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान मस्जिद के पास लगे धार्मिक झंडे को जलाने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई की है। गड़वार थाना पुलिस ने 19 वर्षीय विशाल कुमार राजभर को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज हुआ था।
जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन से जुड़ी शोभा यात्रा के दौरान कथित रूप से इस्लाम धर्म से संबंधित झंडे को जलाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को 17 वर्षीय नाबालिग सहित दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। गड़वार थाना के प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी विशाल कुमार राजभर (19) को गिरफ्तार कर लिया तथा 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार गड़वार कस्बे में गत बुधवार रात को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के मौके पर शोभा यात्रा निकाली गई थी। शोभा यात्रा जब कस्बे के एक मस्जिद के समीप पहुंची तो उसमें शामिल कुछ लोगों ने मस्जिद के सामने बिजली के खम्भे पर लगे इस्लाम धर्म से संबंधित ध्वज पर मुंह में रखे गए ज्वलनशील पदार्थ को फुहारे के रूप में छिड़क दिया और उसे जलाने का प्रयास किया।
इस मामले में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जलालुद्दीन की तहरीर पर शुक्रवार को दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अन्य न्यूज़













